×

'मन की बात' में पीएम मोदी के जिक्र के बाद रामपुर के पटवाई युवा हुए गदगद, कहा- पूरे देश में चलाएंगे अभियान

 

रामपुर, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में रामपुर के पटवाई गांव के युवाओं की 'क्लीन-अप पटवाई' मुहिम का जिक्र होने के बाद इस पहल की देशभर में चर्चा हो रही है। पटवाई के दो युवा आकाश यादव और रोहन देव ने गांव में गंदगी देखकर सफाई की शुरुआत की थी, जो धीरे-धीरे एक बड़े अभियान में बदल गई। उन्होंने 'मन की बात' में इस मुहिम का जिक्र करने पर पीएम मोदी का आभार जताया।

दो दोस्तों ने शिकायत करने के बजाय बदलाव की शुरुआत खुद करने का फैसला किया और हाथों में कूड़े के बैग लेकर गांव की सफाई शुरू की। शुरुआत दो युवाओं से हुई, लेकिन उनकी पहल से प्रभावित होकर अन्य युवा भी जुड़ते गए। आज करीब 15 युवा मिलकर 'क्लीन-अप पटवाई' अभियान चला रहे हैं।

टीम ने अपनी मुहिम को सिर्फ गांव की गलियों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि गंगा घाटों, तालाबों, पार्कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया। टीम के मुताबिक, अब तक चार गंगा घाटों की सफाई की जा चुकी है और एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाया गया है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़ी संख्या में पौधे भी लगाए गए हैं।

पटवाई के युवाओं की इस पहल का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में किया और आकाश यादव एवं रोहन देव के प्रयासों की सराहना की।

पीएम के जिक्र के बाद आकाश यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरे और मेरे दोस्त रोहन देव का नाम लिया, जिससे मुझे बहुत खुशी हुई। मुझे ही नहीं, मेरे गांव को, पूरे शहर को लोग बधाई दे रहे हैं कि आपकी जो 8-10 महीने की मेहनत है, वह सफल हो चुकी है।"

टीम के सदस्य परमजीत सिंह ने कहा, "जहां हमें गंदगी मिलती है, धार्मिक स्थल या जिस जगह भी गंदगी होती है, वहां हम सफाई करते हैं और यह बड़ा अभियान हम चलाते हैं।"

वहीं, निखिल श्रीवास्तव ने कहा, "यह अभियान हम सोच रहे हैं कि इसको पूरे भारत में लेकर जाएं। जिस तरह हम अपने घरों और दरवाजों के सामने की जगह को साफ रखते हैं, मेरा मानना है कि भारत को भी उसी तरह साफ रखा जाना चाहिए।"

पवन यादव ने कहा, "जब हम सुधरेंगे तभी देश सुधरेगा। लोग कहते हैं कि गंदगी हो रही है, गंदगी तो खुद करते हैं और साफ करने कोई आता नहीं।"

समीर हुसैन ने कहा, "यह टीम हर राज्य में पूरे देश में होनी चाहिए। सफाई होना बहुत जरूरी है। इस टीम में हिंदू और मुस्लिम दोनों का कॉम्बिनेशन है।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी