×

मणिशंकर अय्यर राष्ट्रीय स्तर के संजय राउत हैं : तहसीन पूनावाला

 

पुणे, 16 फरवरी (आईएएनएस)। मणिशंकर अय्यर के केरल में 'पिनाराई विजयन' की सत्ता में वापसी के दावों ने राजनीति को गरमा दिया है। इसी बीच, राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को उन्हें धन्यवाद देना चाहिए, क्योंकि मणिशंकर अय्यर ने जब भी कुछ बोला है, उसका उल्टा हुआ है।

तहसीन पूनावाला ने कहा, "मणिशंकर अय्यर राष्ट्रीय स्तर के संजय राउत हैं और संजय राउत महाराष्ट्र के मणिशंकर अय्यर हैं। कांग्रेस को फूल भेजकर इनको शुक्रिया कहना चाहिए, क्योंकि आज तक मणिशंकर अय्यर जी ने जो बोला है, उसका ठीक उल्टा ही हुआ है। उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे, लेकिन वो तीसरी बार लगातार पीएम बने हैं। अय्यर ने दावा किया कि गुजरात में भाजपा नहीं जीतेगी, तब भी कांग्रेस को करारी हार मिली। इसलिए मणिशंकर अय्यर ने जो बोला, उसका उल्टा हुआ।"

तहसीन पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा, "मणिशंकर अय्यर ऐसे नेता हैं, जो कांग्रेस ने जब भी स्वीप किया, वे पार्टी के टिकट पर भी चुनाव हार गए। कांग्रेस ने फिर भी उन्हें मंत्री बनाया। 2014 में तमिलनाडु में यह पार्टी के मुकाबले में चौथे नंबर पर आए। इसलिए कांग्रेस को उन्हें धन्यवाद बोलना चाहिए।"

तहसीन पूनावाला ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' पर केंद्र सरकार की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि एआई दुनिया का भविष्य है। इसके जरिए हम विज्ञान और मानवता के क्षेत्र में सुधार ला सकते हैं और भारत की एक बहुत बड़ी भूमिका हो सकती है।

तहसीन पूनावाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज जो एआई शिखर सम्मेलन की शुरुआत दिल्ली में हो रही है, उसके लिए सभी स्टेकहोल्डर्स, भारत सरकार और प्रधानमंत्री को ढेर सारी शुभकामनाएं और साधुवाद।

उन्होंने एक सुझाव देते हुए कहा, "आज के समय अपराध कहीं भी हो सकता है। भारत के अंदर किसी भी लड़की की तस्वीर को अमेरिका में बैठकर बदला जा सकता है। भारत में कम्युनल बातों को चीन में बैठकर फैलाया जा सकता है। इसकी रोकथाम को लेकर समिट में चर्चा जरूर की जानी चाहिए। इसको लेकर ग्लोबल स्तर पर नियम बनने चाहिए। देशों को 'एआई इम्पैक्ट समिट 2026' में बात करनी चाहिए।"

अमेरिका के हिंद-प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पपारो की ओर से भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' की तारीफ किए जाने पर तहसीन पूनावाला ने कहा, "इसमें सिर्फ भारतीय सेना की ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा की जानी चाहिए। जैसे प्रधानमंत्री ने कहा था कि 'गोली आएगी तो हम गोले से जवाब देंगे।'"

उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वीकार किया कि फज्र की नमाज के बाद भारत हमारे ऊपर आक्रमण करना चाहता था। लेकिन, यहां पर ब्रह्म मुहूर्त हो गया और ब्रह्मोस मिसाइल ने नूर खान बेस को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। पाकिस्तानी डीजीएमओ ने भारतीय डीजीएमओ को फोन करके भीख मांगी और सरेंडर किया।"

राहुल गांधी के बयानों को झूठ बताने पर तहसीन पूनावाला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "गृह मंत्री, अगर विपक्ष के नेता झूठ फैला रहे हैं तो आप सच बोल दीजिए। जब आपके विदेश मंत्री से पूछा जाता है कि क्या हम ट्रेड डील के तहत रूस से तेल खरीद रहे हैं या नहीं, तो वे कहते हैं कि हरदीप सिंह पुरी जी से पूछिए। हरदीप सिंह पुरी जी से पूछते हैं तो वे कहते हैं कि पीयूष गोयल जी से पूछिए। पीयूष गोयल जी से पूछते हैं तो वे कहते हैं कि एस. जयशंकर जी से पूछिए। आप मेरी-गो-राउंड खेल रहे हैं और विपक्ष के नेता पर सवाल उठा रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ डील को लेकर सरकार को स्पष्ट तौर पर जवाब देना चाहिए।

टीएमसी सांसद सागरिका घोष के 'इंडिया गठबंधन' के नेतृत्व को लेकर दिए गए बयान पर तहसीन पूनावाला ने कहा, "सागरिका घोष को अभी पश्चिम बंगाल से राज्यसभा भेजा गया है और चुनाव भी हैं, तो वे ये सब बातें कहेंगी। लेकिन, मैं उन्हें एक सुझाव देना चाहता हूं। सागरिका घोष जी, आप अभिषेक बनर्जी साहब से कहें कि 'इंडिया' गठबंधन की जब बैठक हो, उसमें एक प्रस्ताव रखें और उस पर वोटिंग कराई जाए।"

--आईएएनएस

डीसीएच/एबीएम