मणिपुर के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल
इंफाल, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर सरकार ने राहत भरा फैसला लिया है। राज्य के पांच जिलों इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में मोबाइल इंटरनेट और डेटा सेवाओं पर लगी अस्थायी पाबंदी को तुरंत हटा दिया गया है।
गृह विभाग ने 18 अप्रैल को जारी आदेश में बताया कि कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सात अप्रैल को ये पाबंदियां लगाई गई थीं। इनमें मोबाइल डेटा, ब्रॉडबैंड और वीपीएन सेवाएं शामिल थीं। अब सरकार ने मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद ये प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है।
सरकार ने कहा कि पाबंदियों की वजह से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। अदालतों, अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य जरूरी सरकारी सेवाओं पर इसका बुरा असर पड़ रहा था। जनता की मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने जनहित में यह कदम उठाया है।
अब इन पांचों जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं तत्काल प्रभाव से बहाल कर दी गई हैं। लोगों को अब फिर से मोबाइल पर इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने की सुविधा मिल गई है।
हालांकि, सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। अफवाहें न फैलाएं और ऐसी कोई गतिविधि न करें जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा हो। अगर जरूरत पड़ी तो ऐसी पाबंदियां दोबारा लगाई जा सकती हैं।
यह आदेश संयुक्त सचिव (गृह) डॉ. मयेनगबम वेटो सिंह ने सक्षम अधिकारी की मंजूरी से जारी किया है।
मणिपुर में पिछले कई दिनों से जारी तनाव के बीच इंटरनेट सेवाओं पर लगी रोक लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। इससे ऑनलाइन शिक्षा, बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजमर्रा के कई काम आसान हो जाएंगे।
सरकार का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अगर कानून-व्यवस्था में कोई बिगड़ाव हुआ तो जरूरी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल लोगों को सामान्य जीवन जीने की सुविधा मिल गई है।
--आईएएनएस
एमएस/