मणिपुर के मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी भाजपा अध्यक्ष के साथ पहली औपचारिक बैठक थी।
मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह के साथ इस दौरान राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। इनमें नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के लोसी डिखो और भाजपा की नेमचा किपगेन शामिल थीं। कांगपोकपी जिले से आने वाली नेमचा किपगेन मणिपुर की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं।
बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह के बीच राज्य में पार्टी संगठन को और मजबूत करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य इकाई को जमीनी स्तर पर सक्रिय और सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री को राज्य में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण मानवीय और प्रशासनिक कार्य में पार्टी की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि युमनाम खेमचंद सिंह को 3 फरवरी को नई दिल्ली में मणिपुर भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था और उन्होंने 4 फरवरी को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला। वे नितिन नवीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के पहले मुख्यमंत्री हैं।
इससे पहले, मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात की और राज्य से जुड़े संगठनात्मक और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की।
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नबीन जी से मिलकर खुशी हुई। हमारे साथ दोनों डिप्टी चीफ भी मौजूद रहे। हमने मणिपुर में मौजूदा कानून और व्यवस्था की स्थिति पर अच्छी बातचीत की और पक्की शांति, स्थिरता और लोगों का भरोसा वापस लाने के लिए जरूरी और मिलकर उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की। हमने राज्य में पार्टी के ऑर्गेनाइजेशनल स्ट्रक्चर को और मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया ताकि हमारे लोगों की उम्मीदों को अच्छे से पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में लिखा, "यह मीटिंग मणिपुर में सुशासन, एकता और लगातार विकास पक्का करने के हमारे मिलकर किए गए इरादे की तरफ एक बड़ा कदम था।"
--आईएएनएस
पीएसके