मंदसौर में भीषण गर्मी का असर: स्कूलों का समय बदला, सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगी कक्षाएं
मंदसौर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मंदसौर में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया है।
भीषण गर्मी से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए, जिला शिक्षा अधिकारी, मन्दसौर, द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, नवोदय, केंद्रीय, सीबीएसई, एवं आईसीएसई बोर्ड से संचालित विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। यह निर्णय कलेक्टर की स्वीकृति से लिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय अब प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रहेगा। यह व्यवस्था शनिवार से लागू होकर 30 अप्रैल तक प्रभावशील रहेगी। प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय तेज धूप और उच्च तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, इसलिए समय में यह बदलाव आवश्यक समझा गया है।
हालांकि, आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि परीक्षाओं का संचालन एवं मूल्यांकन कार्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही जारी रहेगा और उसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया गया है कि शैक्षणिक गतिविधियों पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परीक्षाएं संपन्न हो सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित सभी अधिकारियों और संस्थानों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है। इसमें लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के आयुक्त, कलेक्टर मन्दसौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उज्जैन संभाग के संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा केंद्र के परियोजना समन्वयक, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य तथा जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक शामिल हैं।
इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं प्रशासन द्वारा समय-समय पर परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के संकेत भी दिए गए हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/एमएस