×

मंदिरी नाले पर बनी सड़क और नवीन सिन्हा पथ प्रोजेक्ट का उद्घाटन, सीएम बोले- हमारे लिए गौरव का क्षण है

 

पटना, 11 मई (आईएएनएस)। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंदिरी नाले पर बनी सड़क और नवीन सिन्हा पथ प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज नवीन किशोर सिन्हा के पुण्यतिथि के अवसर पर हम लोग इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। हमारे लिए गौरव का क्षण है कि मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार हुआ है। यह नाला इलाके के लोगों के लिए अभिशाप दिखता था। उन्होंने कहा कि मंदिरी नाले पर बनी सड़क को 31 मार्च 2027 तक मरीन ड्राइव से बिहार सरकार जोड़ देगी।

इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए विशेष है। मेरे पिता, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद, की जयंती है। जब वह विधायक थे, तब उन्होंने मंदिरी नाले समेत पटना के कई बड़े नालों को एक वैकल्पिक सड़क के रूप में विकसित करने का सपना देखा था। मुझे खुशी है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में उस विजन को हम लोगों ने आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को याद होगा कि वर्ष 2020 में चुनाव के दौरान इसी मंदिरी नाले पर एक सभा हुई थी। तब हम लोगों ने कहा था कि मंदिरी नाला बहुत जल्द बनकर तैयार होगा। 2025 के चुनाव के पहले यह बनकर तैयार हो गया था, लेकिन कुछ काम करने बाकी थे।

नितिन नवीन ने कहा कि आज सम्राट चौधरी के नेतृत्व में इस योजना का लोकार्पण हो रहा है। इसको पूरा करने में यहां के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन मुझे पता था कि जब यह बनकर तैयार होगा तो यहां के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। नितिन नवीन ने कहा कि सम्राट चौधरी ने एक विकसित बिहार का सपना देखा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को सुशासन की सरकार दी। अब समृद्ध बिहार बनाने का सपना सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हम लोग पूरा करेंगे। मुझे बताते हुए खुशी है कि केवल मंदिरी नाले का ही नहीं, बल्कि पटना के कई बड़े नालों की स्थिति और इसके समाधान पर भी सरकार लगातार विचार कर रही है।

--आईएएनएस

एसडी/एएस