☰
×

मानस साहू ने अपने अंदाज में अमित शाह को दी जन्मदिन की बधाई, बनाया बेहतरीन सैंड एनीमेशन

 

पुरी, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन के अवसर पर देशभर से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। इसी कड़ी में ओडिशा के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट और एनिमेटर मानस कुमार साहू ने अपनी कला के जरिए अनोखे अंदाज में गृह मंत्री को शुभकामनाएं दी हैं।

पुरी स्थित अपने स्टूडियो में मानस साहू ने एक बेहतरीन सैंड एनीमेशन तैयार किया, जिसमें 'हैप्पी बर्थडे, अमित शाह जी' का संदेश उकेरा गया। अपनी कला के माध्यम से उन्होंने गृह मंत्री के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।

मानस कुमार साहू ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर मैं उन्हें हृदय से शुभकामनाएं देता हूं। आज हमने पुरी में एक सैंड एनीमेशन बनाया है, जिसमें हमने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। वे एक दूरदर्शी नेता हैं और जनता के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।"

मानस ने कहा कि यह कलाकृति सिर्फ एक कलाकृति नहीं बल्कि उनके मन में बसे सम्मान और प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "हम लोगों का जो प्यार और स्नेह है, वह हम अपनी कला के माध्यम से उन तक पहुंचाना चाहते हैं।"

उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना करते हुए कहा, "महाप्रभु जगन्नाथ की कृपा अमित शाह पर बनी रहे और वे आने वाले दिनों में देश के लिए ऐसे ही अनेक महत्वपूर्ण कार्य करते रहें। इसी सोच और भावना के साथ हमने यह सैंड आर्ट बनाया है।"

वहीं, इससे पहले अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने महात्मा गांधी की जयंती पर एक विशेष सैंड एनीमेशन बनाकर उनको श्रद्धांजलि दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भी उन्होंने पुरी स्थित अपने स्टूडियो में एक विशेष सैंड एनीमेशन तैयार किया था। अपनी कला के जरिए उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया था।

गौरतलब है कि मानस कुमार साहू पुरी के जाने-माने सैंड आर्टिस्ट हैं और इससे पहले भी वे अपनी सैंड एनीमेशन कला के जरिए कई राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों, त्योहारों और प्रमुख व्यक्तित्वों को सम्मान दे चुके हैं। उनकी यह कला लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है और सोशल मीडिया पर भी खूब सराही जाती है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम