×

Mumbai में 20 बिल्लियों की हत्या करने वाला गिरफ्तार: 50 हजार का इनामी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

 

मुंबई के चेंबूर इलाके में करीब 20 आवारा बिल्लियों की मौत के मामले में पुलिस ने एक 40 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवा केशव जोशी के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बिल्लियों को गुस्से में मारने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।

इलाके में मिले थे बिल्लियों के शव

यह मामला तब सामने आया जब 3 सितंबर को चेंबूर इलाके में कई बिल्लियां मृत हालत में मिलीं। इसके बाद कुछ बिल्ली के बच्चे भी घायल और मृत अवस्था में पाए गए।इलाके में आवारा बिल्लियों को लंबे समय से खाना खिलाने और उनके इलाज में मदद करने वाली रुबीना अब्दुल मलिक पठान ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी।रुबीना के मुताबिक, 3 सितंबर को उन्हें इलाके में चार बिल्लियां मृत मिली थीं। इसके कुछ दिन बाद 6 सितंबर की सुबह जब वह शनि मंदिर के पास बिल्लियों को खाना खिलाने पहुंचीं, तो वहां एक बिल्ली और उसका बच्चा खून से लथपथ हालत में मिला।दोनों के सिर पर गंभीर चोटें थीं। चोटों की स्थिति देखकर आशंका जताई गई कि उन्हें किसी भारी या धारदार वस्तु से मारा गया था।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

घटना के बाद रुबीना ने पशु अधिकार संगठन PETA India और अन्य पशु कल्याण संगठनों से मदद मांगी। उनकी सलाह के बाद 6 सितंबर को मिली बिल्लियों के शवों को पोस्टमार्टम और जांच के लिए परेल स्थित एक पशु अस्पताल भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए PETA India ने आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

रुबीना ने पूजा श्रीवास्तव की मदद से आरसीएफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान शिवा केशव जोशी के रूप में हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रायगढ़ जिले के पनवेल का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बिल्लियों की मौत की घटनाओं के पीछे उसकी क्या भूमिका थी और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।