ममता बनर्जी महिलाओं को न्याय दिलाने में सक्षम नहीं : अरुण भारती
पटना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति (रामविलास) पार्टी के सांसद अरुण भारती ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद भी महिलाओं को न्याय दिलाने में सक्षम नहीं हैं।
बंगाल की 142 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है। सोमवार शाम दूसरे चरण के लिए चुनावी अभियान का शोर थम गया।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान लोजपा (रामविलास) सांसद अरुण भारती ने कहा कि आज के दिन बंगाल की जनता को याद रखना चाहिए कि आरजीकर घटना में बंगाल की बेटी के साथ बदसलूकी हुई, उनकी मां न्याय मांग रही है। लेकिन, महिला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में न्याय नहीं मिला। बंगाल की जनता को सोचना चाहिए बेटी को न्याय नहीं मिला, न्याय के लिए सरकार को बदलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ बेटी को न्याय नहीं मिला, दूसरी तरफ महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों ने पलटने का काम किया। जब महिला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी महिलाओं को न्याय देने में सक्षम नहीं है तो अब समय आ गया है कि बंगाल में एनडीए को मौका देना चाहिए।
राजद नेता तेजस्वी यादव के बंगाल में चुनाव प्रचार करने पर लोजपा (रामविलास) सांसद अरुण भारती ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें बिहार में होना चाहिए। लेकिन, वे बंगाल में घूम रहे हैं। जब नेता प्रतिपक्ष अपने दायित्व से हटकर दूसरे राज्यों में प्रचार करते हैं, तो उनकी भूमिका पर सवाल उठना चाहिए। विधानसभा सत्र के दौरान वे गायब रहते हैं, और ओछी राजनीति के लिए बंगाल में चुनाव प्रचार करने गए हैं।
जदयू नेता निशांत कुमार की यात्रा को लेकर सांसद अरुण भारती ने कहा कि हमारी पार्टी उनका स्वागत करती है। बिहार को पढ़े-लिखे युवाओं के नेतृत्व की जरूरत है। पूर्व सीएम नीतीश कुमार बिहार को जंगलराज से निकालकर विकास के राह पर लाए। निशांत कुमार पर भी बड़ी जिम्मेदारी, उनके साथ हमारी पार्टी है।
उन्होंने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि वे भले ही एकसाथ आए थे। लेकिन, वैचारिक एकता नहीं थी। लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी और ममता बनर्जी सभी साथ आते हैं। लेकिन, बंगाल चुनाव में राहुल और ममता एक-दूसरे के खिलाफ हो जाते हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम