ममता बनर्जी की राजनीति सिर्फ 'ऑप्टिक्स' तक सीमित : कीया घोष
कोलकाता, 17 जून (आईएएनएस)। भाजपा नेता और पार्टी प्रवक्ता कीया घोष ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अक्सर अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई देती हैं और कई मुद्दों पर केवल 'ऑप्टिक्स' यानी दिखावे की राजनीति करती हैं।
कीया घोष ने आईएएनएस से कहा कि आजकल बच्चों में 'गो ऐज यू लाइक' प्रतियोगिता का चलन होता है, लेकिन ममता बनर्जी के पास तो इसके लिए बहुत अवसर और समय है। कभी वह वकील बन जाती हैं, कभी डॉक्टर के रूप में दिखाई देती हैं, कभी बहन के रूप में और कभी सिविक पुलिस के रूप में। मैं तो चाहूंगी कि वह कभी कोयला तस्कर या बालू तस्कर के रूप में भी सामने आएं।
उन्होंने ममता बनर्जी के हालिया कदमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें वास्तव में किसी मुद्दे की चिंता थी, तो चुनाव खत्म होने के एक महीने बाद तक इंतजार क्यों किया गया? कीया घोष ने कहा कि यह केवल सुर्खियां बटोरने की कोशिश लगती है। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि नंदीग्राम से हारने के बाद ममता बनर्जी ने बार-बार कहा था कि वह अदालत जाएंगी। कोर्ट जाने के बाद उसका क्या परिणाम निकला? उन्होंने कितनी बार खुद पेशी दी? दूसरी ओर सुवेंदु अधिकारी पीछे नहीं हटे और खुलकर कहा कि चलिए कोर्ट। लेकिन ममता बनर्जी आगे नहीं बढ़ीं।
वहीं, स्वच्छता अभियान को लेकर कीया घोष ने कहा कि पहले बच्चे भी चिप्स का पैकेट सड़क पर फेंकने से पहले सोचते थे और माता-पिता उन्हें ऐसा करने से रोकते थे। अब जब सरकार के स्तर पर स्वच्छता को लेकर पहल हो रही है, तो यह पश्चिम बंगाल के लिए अच्छी बात है।
उन्होंने कहा कि चाहे गंगा घाट हो, मंदिर परिसर, सड़कें हों या बाजार, हर जगह साफ-सफाई दिखाई देना एक अच्छा संकेत है। कोलकाता की निवासी होने के नाते यह हमारे लिए उम्मीद की किरण जैसा है। स्वच्छ और सुंदर बंगाल हर नागरिक की इच्छा है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस