☰
×

मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भड़कीं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, बोलीं- तुरंत माफी मांगें

 

कानपुर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए विवादित बयान पर सियासी घमासान जारी है। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने खड़गे के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे बेहद अपमानजनक और अशोभनीय बताया है।

कानपुर देहात में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जो सम्मानित व्यक्ति होता है, उसका अपना व्यक्तित्व और कृतित्व ही उसका परिचायक होता है। माता-पिता के बारे में बेहूदा कमेंट्स बहुत अपमानजनक है और वास्तव में उनको माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े पद पर बैठे नेता को अपनी भाषा की मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए। जब उन्हें खुद ही अपनी बात करने का सलीका नहीं है, तो कैसे वो इतने बड़े पद पर बैठे हैं? प्रधानमंत्री मोदी का बचाव करते हुए प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के हर वर्ग के भले के लिए काम कर रहे हैं और एक सम्मानित पद पर हैं। ऐसे व्यक्ति के माता-पिता पर टिप्पणी करना पूरे देश की भावना को आहत करने जैसा है।

इससे पहले, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "कांग्रेस जिस तरह से प्रधानमंत्री के माता-पिता के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही है, इसे देश के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना ही पड़ेगा। सत्ता न मिलने की जो भूख है, वो तड़पड़ाहट में बदल चुकी है। कांग्रेस अपना मानसिक संतुलन खो चुकी है। 2027 के यूपी चुनाव में फिर से भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी।"

गौरतलब है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने 25 अक्टूबर को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिन्हा की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में विवादित बयान दिया था। कार्यक्रम के दौरान जब खड़गे वोटर लिस्ट के एसआईआर और भाजपा की आलोचना कर रहे थे, तभी भीड़ में से किसी ने चिल्लाकर कहा, 'मोदी नहीं जाएगा।' इस पर खड़गे से नाराजगी जताई थी।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी