मकर संक्रांति : हटकेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों का तांता, संतान प्राप्ति के लिए हो रहे विशेष अनुष्ठान
खुर्दा, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मकर संक्रांति के मौके पर देशभर के मंदिरों में भक्तों का बड़ी संख्या में आगमन देखा गया। उड़ीसा के खुर्दा में बने हटकेश्वर महादेव मंदिर में ब्रह्मा मुहूर्त से भक्त गर्म कुंड स्नान कर महादेव के दर्शन कर रहे हैं।
यह मंदिर संतान प्राप्ति के लिए प्रसिद्ध है। मंदिर में मकर संक्रांति के मौके पर संतान प्राप्ति के लिए विशेष अनुष्ठान भी किए जाते हैं। सुबह से ही भक्तों की टोली मंदिर में पहुंच रही है और ये सिलसिला शाम तक रहेगा।
हटकेश्वर महादेव के पुजारी श्री राम चंद ने बताया कि मकर संक्रांति के मौके पर सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्तों का मंदिर में देखने को मिल रहा है। मकर संक्रांति के पर्व पर यहां मकर यात्रा का भी आयोजन हुआ है, जिसमें भगवान हटकेश्वर के लिए पारंपरिक यात्रा निकाली जा रही है। आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि जिन महिलाओं की गोद सूनी है, वे हटकेश्वर महादेव को अक्षत अर्पित कर उत्तम संतान मांगती हैं और महादेव सबकी गोद भरते हैं।
मंदिर में दर्शन करने आई महिला ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि शादी को तीन साल हो चुके हैं और अब हमें परिवार आगे बढ़ाना है। मुझे मेरे आस-पास के लोगों ने मकर संक्रांति के दिन हटकेश्वर महादेव मंदिर जाने के लिए कहा। सबका मानना है कि इस मंदिर में दर्शन के बाद हर किसी की गोद भर जाती है और इसी आस के साथ हम लोग मंदिर में आए हैं।
मंदिर में एक गर्म पानी का कुंड है, जो प्राकृतिक रूप से हमेशा गर्म रहता है। मकर संक्रांति के मौके पर भक्त कुंड में स्नान कर मकर यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं और महादेव के दर्शन कर रहे हैं। माना गया है कि कुंड के पानी में औषधीय गुण होते हैं और इसमें स्नान करने से शारीरिक रोगों में कमी आती है। सुबह से कुंड में भक्त लगातार स्नान कर दर्शन कर रहे हैं।
मंदिर के पौराणिक महत्व की बात करें तो यहां महादेव पाताल के राजा के रूप में पूजे जाते हैं, जहां वह स्वयं प्रकट हुए थे। यह मंदिर ओडिशा सरकार द्वारा एक पवित्र स्थल के रूप में नामित है और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण है। हर साल लाखों की संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सावन के महीने में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होती है और 1 महीने पर मंदिर में हजारों भक्तों की भीड़ जमा होती है।
--आईएएनएस
पीएस/एएस