☰
×

दिल्ली की 'लखपति बिटिया योजना' में बड़ा बदलाव, अब आधार के बिना नहीं मिलेगा लाभ; जानें रजिस्ट्रेशन का नया नियम

 

दिल्ली सरकार ने लड़कियों की शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही 'लखपति बिटिया योजना' में अहम बदलाव किया है। अब इस योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र लड़कियों को अपना आधार नंबर देना होगा या आधार ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।हालांकि, जिन लड़कियों के पास अभी आधार कार्ड नहीं है, उन्हें योजना से बाहर नहीं किया जाएगा। ऐसी लाभार्थियों के लिए वैकल्पिक दस्तावेजों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आधार बनने तक उन्हें योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

आधार कार्ड नहीं है तो क्या करना होगा?

नई व्यवस्था के तहत जिन पात्र लड़कियों ने अभी तक आधार के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें योजना में पंजीकरण कराने से पहले आधार नामांकन के लिए आवेदन करना होगा।आधार बनने में लगने वाले समय के दौरान लाभार्थियों को परेशानी न हो, इसके लिए आधार नामांकन पर्ची के साथ एक वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र जमा करने की सुविधा दी गई है।

इसके लिए निम्नलिखित दस्तावेजों में से कोई एक दिया जा सकता है:

  • फोटोयुक्त बैंक या डाकघर की पासबुक

  • पैन कार्ड

  • पासपोर्ट

  • राशन कार्ड

  • मतदाता पहचान पत्र

  • मनरेगा जॉब कार्ड

  • ड्राइविंग लाइसेंस

  • राजपत्रित अधिकारी या तहसीलदार की ओर से जारी फोटो पहचान पत्र

इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आधार कार्ड बनने में देरी के कारण किसी पात्र लड़की को योजना की आर्थिक सहायता से वंचित न रहना पड़े।

आधार बनवाने में विभाग भी करेगा मदद

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालयों को उन लाभार्थियों की सहायता करने की जिम्मेदारी दी गई है, जिनका अभी तक आधार कार्ड नहीं बना है। जरूरत पड़ने पर विभाग भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के साथ समन्वय करके आधार नामांकन की व्यवस्था भी करेगा।

इसके अलावा, अगर किसी लाभार्थी के फिंगरप्रिंट स्पष्ट नहीं हैं या किसी अन्य तकनीकी वजह से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है, तो उसके लिए वैकल्पिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था अपनाई जाएगी।

जन्म से लेकर पढ़ाई तक मिलती है आर्थिक मदद

लखपति बिटिया योजना का उद्देश्य लड़कियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत करना तथा उनकी शिक्षा को लगातार जारी रखने के लिए परिवारों को आर्थिक सहायता देना है।

इस योजना के तहत लड़की के जन्म से लेकर पढ़ाई के अलग-अलग चरणों में सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि निर्धारित चरणों में निवेश की जाती है और योजना की शर्तों तथा लॉक-इन अवधि पूरी होने के बाद मैच्योरिटी का लाभ मिलता है।

किस कक्षा में कितनी मिलती है आर्थिक सहायता?

योजना के तहत जन्म और शिक्षा के विभिन्न पड़ावों पर आर्थिक मदद का प्रावधान किया गया है। उपलब्ध विवरण के मुताबिक सहायता का वितरण इस प्रकार है:

चरण आर्थिक सहायता
लड़की के जन्म पर ₹11,000
पहली कक्षा में प्रवेश पर ₹5,000
छठी कक्षा में प्रवेश पर ₹5,000
नौवीं कक्षा में प्रवेश पर ₹5,000
11वीं कक्षा में प्रवेश पर ₹5,000
12वीं कक्षा में प्रवेश पर ₹5,000
तीन वर्षीय स्नातक कोर्स ₹20,000
चार वर्षीय स्नातक कोर्स ₹25,000

स्नातक की पढ़ाई के लिए मिलने वाली सहायता पाठ्यक्रम की अवधि के दौरान किस्तों में जारी की जाती है। इसके अलावा व्यावसायिक डिप्लोमा और स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए भी आर्थिक मदद का प्रावधान बताया गया है।

लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देना है योजना का उद्देश्य

लखपति बिटिया योजना के जरिए सरकार चाहती है कि आर्थिक परेशानी के कारण लड़कियों की पढ़ाई बीच में न छूटे। जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक अलग-अलग चरणों में आर्थिक सहायता मिलने से परिवारों को पढ़ाई का खर्च उठाने में मदद मिल सकती है।आधार को अनिवार्य करने के नए नियम का उद्देश्य लाभार्थियों की पहचान और योजना के तहत सहायता वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना है। हालांकि, आधार नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक दस्तावेजों की सुविधा भी रखी गई है। आवेदन करने से पहले लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग से पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की ताजा जानकारी जरूर प्राप्त करनी चाहिए।