आयुष्मान भारत में बड़ा बदलाव: सरकारी अस्पतालों के लिए इलाज के पैकेज 23 से बढ़ाकर 112 करने की तैयारी, वीडियो में जाने सुविधाओं पर उठे सवाल
केंद्र सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आरक्षित पैकेज की संख्या 23 से बढ़ाकर 112 करने का प्रस्ताव है। इस संबंध में केंद्र ने राज्यों से सुझाव मांगे थे। 25 नवंबर तक मिले सुझावों पर स्वास्थ्य मंत्रालय विचार कर रहा है। प्रस्ताव में नए बदलाव 1 दिसंबर से लागू करने की बात कही गई है। हालांकि, सरकारी अस्पतालों की मौजूदा सुविधाओं और स्वास्थ्य ढांचे को देखते हुए इस योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठने लगे हैं।
सरकारी अस्पतालों के लिए बढ़ेंगे 89 नए पैकेज
प्रस्ताव के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए उपलब्ध आरक्षित पैकेज की संख्या में 89 की बढ़ोतरी की जाएगी। अभी तक सरकारी अस्पतालों के लिए 23 पैकेज आरक्षित हैं। बदलाव के बाद इनकी संख्या 112 हो जाएगी।इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत इलाज की सुविधाओं का विस्तार करना और मरीजों को ज्यादा बीमारियों के उपचार का लाभ उपलब्ध कराना है। लेकिन इसके साथ अस्पतालों में जरूरी संसाधन, उपकरण और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी बड़ी चुनौती होगी।
46% सरकारी अस्पताल तय मानक तक नहीं पहुंचे
स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक, 89 प्रतिशत सरकारी अस्पतालों ने अपना स्व-मूल्यांकन किया था। इनमें से केवल 54 प्रतिशत अस्पताल ही इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स (IPHS) के मूल्यांकन में 50 प्रतिशत से अधिक स्कोर हासिल कर पाए।इसका मतलब है कि करीब 46 प्रतिशत सरकारी अस्पताल इस स्तर तक नहीं पहुंच सके। हालांकि, सरकार ने इस साल सभी अस्पतालों का मूल्यांकन कराने के बाद 64 प्रतिशत अस्पतालों का स्कोर 50 प्रतिशत से ऊपर होने का दावा किया है।ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल अभी निर्धारित स्वास्थ्य मानकों पर पूरी तरह खरे नहीं उतर पा रहे हैं, तो वे 112 पैकेज के तहत मरीजों को बेहतर इलाज कैसे उपलब्ध करा पाएंगे।
आयुष्मान में 48% अस्पताल निजी क्षेत्र के
आयुष्मान भारत योजना के तहत कुल 30,072 अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनमें करीब 48 प्रतिशत अस्पताल निजी क्षेत्र के हैं। सरकारी अस्पतालों में कई जरूरी सुविधाओं की कमी बनी हुई है।कई अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी भी मरीजों के इलाज में बाधा बनती है।ऐसी स्थिति में नए पैकेज लागू होने के बाद सरकारी अस्पतालों पर मरीजों के इलाज का दबाव बढ़ सकता है। जिन अस्पतालों में जरूरी जांच और उपचार की सुविधाएं नहीं हैं, वहां मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ सकता है।
निजी अस्पतालों के क्लेम बढ़ने का भी खतरा
स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े इस प्रस्ताव को लेकर एक बड़ी चिंता निजी अस्पतालों पर निर्भरता बढ़ने की भी है। नए 89 पैकेज में जटिल बीमारियों और उपचार प्रक्रियाओं को शामिल किए जाने की स्थिति में सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत बढ़ सकती है।इससे आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों के क्लेम बढ़ने का जोखिम भी रहेगा। ऐसे में योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों को मजबूत करना है या निजी अस्पतालों पर निर्भरता बढ़ाना, यह महत्वपूर्ण सवाल बन गया है।फिलहाल स्वास्थ्य मंत्रालय राज्यों से मिले सुझावों पर विचार कर रहा है। प्रस्तावित बदलाव लागू होने से पहले सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, जांच सुविधाओं और जरूरी चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती होगी।