×

मैं कोई पद नहीं, पार्टी के लिए काम करना चाहता हूं : नरोत्तम मिश्रा

 

नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें पार्टी में कोई पद नहीं चाहिए, बल्कि पार्टी उन्हें काम सौंपती रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और वे उसी के लिए आभारी हैं।

आईएएनएस से बातचीत में नरोत्तम मिश्रा से पूछा गया कि वे संगठन में अब खुद को कहां देखते हैं। इस पर उन्होंने कहा, "जहां तक मेरी भूमिका का सवाल है, मैं कोई पद नहीं चाहता, बल्कि पार्टी के लिए काम चाहता हूं, जैसा पार्टी अब तक मुझे देती आई है।"

उन्होंने अपने हाल के कामों का जिक्र करते हुए बताया, "चुनाव हारने के बाद मुझे प्रदेश जॉइनिंग टीम का संयोजक बनाया गया। जब महाराष्ट्र का चुनाव आया तो वहां काम दिया गया, दिल्ली का चुनाव आया तो वहां काम दिया गया और जब बिहार का चुनाव आया तो वहां भी काम सौंपा गया। मैं चाहता हूं कि पार्टी मुझे इसी तरह जिम्मेदारियां देती रहे।"

नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी के प्रति आभार जताते हुए कहा, "पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। उसने मुझे 30 साल तक विधायक रखा और 15 साल मंत्री बनाया। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मैं पार्टी का आभारी हूं।"

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "मैं किसी से नहीं मिला, और न ही अभी मैंने समय मांगा है। जब मैं अगली बार आऊंगा तो निश्चित रूप से सबसे मिलूंगा। वे हमारे नेता हैं, इसलिए मुझे उनसे मिलना है।"

दतिया उपचुनाव के लिए टिकट वितरण पर उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला सही है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उम्मीदवार का चयन सही था क्योंकि आशुतोष तिवारी एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हैं। वे एक ईमानदार कार्यकर्ता हैं जिन्होंने अपना अधिकांश जीवन पार्टी और देश को समर्पित किया है।"

नरोत्तम मिश्रा लंबे समय तक मध्य प्रदेश सरकार में गृह और स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं और दतिया से विधायक भी रह चुके हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस