'मैं बहुत खुश हूं, मेरे पास शब्द नहीं हैं', मैक्सिकन जीपी में पोल पोजीशन हासिल करने के बाद बोले हैमिल्टन
मेक्सिको सिटी, 1 नवंबर (आईएएनएस)। लुईस हैमिल्टन मेक्सिको ग्रां प्री में फेरारी के लिए अपनी पहली पोल पोजीशन हासिल करने के बाद बेहद खुश नजर आए। सात बार के विश्व चैंपियन ने पोल पोजीशन के लिए अपने लंबे इंतजार को खत्म किया। इससे पहले, उन्होंने 2023 हंगेरियन ग्रां प्री में क्वालीफाइंग टाइमशीट में टॉप किया था।
41 वर्षीय हैमिल्टन ने अपने पूर्व साथी और मर्सिडीज ड्राइवर जॉर्ज रसेल को पीछे छोड़ा, जबकि फेरारी में उनके मौजूदा साथी चार्ल्स लेक्लेर 'ऑटोड्रोमो हर्मनोस रोड्रिगेज' में क्वालीफाइंग में तीसरे स्थान पर रहे।अपने करियर की 105वीं पोल पोजीशन हासिल करने के बाद ब्रिटिश ड्राइवर के पास अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं थे।
सेशन के तुरंत बाद उन्होंने कहा, "वाह! बहुत बढ़िया लगा। बहुत अच्छा लग रहा है। मैं बहुत खुश हूं। सच कहूं तो, मेरे पास शब्द नहीं हैं। यह वीकेंड वाकई बहुत मुश्किल और चुनौतीपूर्ण रहा। जाहिर है कि एफपी1 में हमने 'रेक' (कार का एक हिस्सा) का इस्तेमाल किया था, और फिर कल इंजन से जुड़ी समस्या आ गई, जिसकी वजह से हम काफी पीछे रह गए। मुझे 'लॉन्ग रन' करने का मौका नहीं मिला। मगर हमने पूरे वीकेंड में कार के सेटअप पर बहुत अच्छा काम किया है।"
उन्होंने कहा, "हमने काफी मेहनत की है और पिछली रेस से बहुत कुछ सीखा है। हालांकि, हम सभी के बीच मुकाबला बहुत करीबी है। उदाहरण के लिए, क्यू2 में मुझे शुरुआत में अपना लैप पूरा करने का मौका नहीं मिला। मुझे लगता है कि बाकी ड्राइवरों के पास शुरुआत के लिए नए टायर थे।"
हैमिल्टन ने 2016 में भी मेक्सिको में पोल पोजीशन हासिल की थी और अब यह 22वां ऐसा सर्किट बन गया है जहां उन्होंने एक से अधिक बार पोल पोजीशन हासिल की है। इसके अलावा, 41 वर्षीय हैमिल्टन 1982 के इटैलियन ग्रां प्री में मारियो एंड्रेटी के बाद से इस खेल में पोल पोजीशन हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज ड्राइवर बन गए हैं।
अपने इस रिकॉर्ड पर बात करते हुए हैमिल्टन ने कहा, "अगर कुछ करने की इच्छा हो, तो रास्ता मिल ही जाता है। सच कहूं तो यह सब दिमाग का खेल है। मुझे लगता है कि हम सभी को कभी-न-कभी शरीर में दर्द या तकलीफ महसूस हो सकती है, लेकिन किस्मत से मुझे ऐसा नहीं होता। मैं अक्सर 'आइस बाथ' (बर्फ के पानी से नहाना) लेता हूं। मैं खुद को युवा और फिट रखने के लिए हर मुमकिन कोशिश करता हूं। मगर मुझे अपना काम बहुत पसंद है और यह लगाव अभी भी कायम है। मैं हर दिन इसी खयाल के साथ उठता हूं। मैं इसके सपने देखता हूं। मुझे दुनिया भर से बहुत शानदार सपोर्ट मिलता है, जो मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुझे उम्मीद है कि आज वह मेरे काम से खुश होंगे, और मुझे यह भी उम्मीद है कि कल भी मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतर सकूंगा।"
--आईएएनएस
एसएम/पीएम