महुआ माझी ने एनआरसी पर कही संविधान सम्मत कार्रवाई की बात, कहा-नियम टूटे तो करेंगे विरोध
रांची, 21 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माझी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने यह दावा करते हुए कहा था कि अगर हमारे राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो एनआरसी को हर हाल में लागू किया जाएगा।
महुआ माझी ने शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैं इस पूरे मामले में कुल मिलाकर यही कहना चाहूंगी कि अगर कोई भी सरकार संविधान के अनुरूप काम करे, तो बेहतर रहेगा। अगर सरकार संविधान के अनुसार हर काम करेगी, तो हम उसका हर हाल में स्वागत करेंगे, लेकिन हम इस बात को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकते कि कोई संवैधानिक नियमों का उल्लंघन करें।
उन्होंने झारखंड सरकार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लगातार समाज के हर तबके के लिए काम कर रही है। हम किसी के भी हितों के साथ किसी भी प्रकार का कुठाराघात नहीं कर रहे हैं। हमारी सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि समाज में हर तबके के लोगों का सर्वांगीण विकास हो। लोगों के विकास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा रहा है। मुझे लगता है कि पश्चिम बंगाल में इसी तरह का काम होना चाहिए, लेकिन अगर कोई संविधान के विरोध में जाएगा, तो हम उसका विरोध करेंगे।
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने प्रदेश की महिलाओं को रिझाने के लिए कई तरह के लोक लुभावने वादे किए हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए महुआ माझी ने कहा कि महिलाओं के हित के लिए भाजपा शासित सरकारों में भी कई तरह की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसी स्थिति में अगर ममता बनर्जी ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए किसी तरह की योजनाओं का ऐलान किया है, तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए।
महुआ माझी ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत को जरूर इस युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए, क्योंकि कोई भी युद्ध किसी के भी हित में नहीं होता है। अगर मान लीजिए, पाकिस्तान में कुछ होता है, तो जाहिर सी बात है कि उसका असर हिंदुस्तान पर भी पड़ेगा, क्योंकि हम लोग आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। ऐसी स्थिति में अगर किसी एक को भी कुछ होता है, तो उसका असर अन्य लोगों को भी होता है।
उन्होंने कहा कि आप देख सकते हैं कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत पैदा हो गई है। ऐसी स्थिति में भारत को आगे आकर युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी युद्ध रुक जाए, उतना बेहतर रहेगा। इसी में पूरी मानवजाति का हित निहित रहेगा। ऐसी स्थिति में भारत को आगे आकर युद्ध को रोकने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।
--आईएएनएस
वीसी