महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से सशक्त हो रहा समाज: रूप कुमारी
भोपाल, 25 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से लगातार समाज सशक्त हो रहा है और आंगन मिलन सेवा अभियान’ में आंगन, मिलन और सेवा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी मध्य प्रदेश के प्रवास पर हैं और उन्होंने शुक्रवार को भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के बागसेवनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 735, अमराई में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के शुभारंभ मौके पर कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा, समर्पण और सामाजिक योगदान को सम्मान देने का अवसर है। इस अभियान के नाम में ही इसकी भावना निहित है, इसमें आंगन भी है, मिलन भी है और सेवा भी है।
उन्होंने आगे कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के विकास, पोषण और संस्कार का महत्वपूर्ण केंद्र हैं, कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ बच्चों और परिवारों के बीच सेवा का कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी समाज के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर बढ़ी है। आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्योग, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंच रहा है, जिससे वे आर्थिक और सामाजिक रूप से अधिक सशक्त हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी महिला शक्ति का महत्वपूर्ण उदाहरण हैं, जो बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रही हैं।
मध्य प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सेवा और समर्पण भाव से कार्य कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा एवं संस्कार देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी