×

कुछ महिला विरोधी पार्टियां कर रहीं 'महिला आरक्षण बिल' का विरोधः रेखा शर्मा

 

पंचकुला, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के स्थापना दिवस पर राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने महिला आरक्षण बिल पर अपनी राय रखते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "महिला आरक्षण बिल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया था। यह बिल 2029 तक आना था, लेकिन हमारी सरकार कुछ बदलाव कर अभी ला रही है। यह विधेयक अभी से लागू होने की उम्मीद है। हालांकि कुछ पार्टियां संशोधन अधिनियम का विरोध कर रही हैं, क्योंकि वे अपनी पार्टी में भी महिलाओं को जगह नहीं देना चाहती हैं। ये महिला विरोधी पार्टियां हैं।"

रेखा शर्मा ने कहा, "हमारी पार्टी महिला शक्ति को आगे लाना चाहती है। सदन में महिला-पुरुष एक साथ काम करेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा। महिलाएं राजनीति में आएंगी तो आधी आबादी की समस्याओं का आसानी से हल हो सकेगा।"

वहीं, कांग्रेस के बैठक में हिस्सा न लेने और विधेयक पर स्पष्ट बात न करने के सवाल पर रेखा शर्मा ने कहा, "यह लोग हार से थक चुके हैं। वरिष्ठ नेताओं को कांग्रेस पार्टी से आशा नहीं है। कांग्रेस 10 साल के अपने कार्यकाल में यह बिल नहीं ला सकी, क्योंकि इंडी गठबंधन में बैठे लोग मुलायम सिंह और लालू यादव ने इसका विरोध किया था। हालांकि इस बार कांग्रेस और विपक्ष को विधेयक को पास कराना ही पड़ेगा क्योंकि ये दोनों दल महिलाओं से क्या कहेंगे कि हमने विरोध किया है।"

राहुल गांधी को पीएम बनने से रोकने के लिए बीजेपी की तरफ से महिला आरक्षण बिल लाने के सवाल पर रेखा शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "बीजेपी अगर यह बिल नहीं लाएगी, तब भी राहुल गांधी पीएम नही बनेंगे। अगर राहुल गांधी पीएम बन गए तो क्या देश का हाल होगा? उनकी राष्ट्रवादी सोच क्या सब जानते है, प्रधानमंत्री कभी नहीं बन पाएंगे।"

अखिलेश यादव के बिल से पहले जनगणना के बयान पर रेखा शर्मा ने कहा, "उनके पिता ने भी विरोध किया था। वे जनता के विरोध में हैं, जनता ही इन्हें सबक सिखाएगी।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम