महिला टी20 विश्व कप: इंग्लैंड की ये 5 खिलाड़ी बन सकती हैं श्रीलंका के लिए सिरदर्द
नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 का पहला मुकाबला इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को खेला जाना है। इस मुकाबले की मेजबानी बर्मिंघम का एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम करेगा। आइए आपको उन पांच इंग्लिश खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो टूर्नामेंट के ओपनिंग मुकाबले में श्रीलंका के लिए बड़ा सिरदर्द बन सकती हैं।
नैट साइवर ब्रंट: इंग्लैंड की कप्तान साइवर ब्रंट श्रीलंका के लिए इस मुकाबले में बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं। ब्रंट अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंद से भी अहम योगदान देने के लिए जानी जाती हैं। इंग्लिश कप्तान के पास 137 मुकाबलों का अनुभव मौजूद है। वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 2,960 रन बनाने के साथ-साथ 90 विकेट भी अपने नाम कर चुकी हैं।
सोफी एक्लेस्टोन: इंग्लिश टीम की स्पिन गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले मुकाबले में श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हो सकती हैं। एक्लेस्टोन की हालिया फॉर्म अच्छी है। वह खासतौर पर बीच के ओवरों में विकेट निकालने और रनों पर अंकुश लगाने में माहिर मानी जाती हैं। एक्लेटोन को अगर पिच से थोड़ी बहुत मदद भी मिली, तो उनकी घूमती गेंदें बल्लेबाजों को खासा तंग कर सकती हैं।
एलिस कैप्सी: 21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने बेहद कम समय में विश्व क्रिकेट में खूब नाम कमाया है। कैप्सी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से किसी भी मैच का रुख पलटने का दमखम रखती हैं। 47 टी20 पारियों में वह 956 रन बना चुकी हैं। बल्ले के साथ-साथ वह गेंद से भी अहम योगदान दे सकती हैं। कैप्सी से खासतौर पर श्रीलंका की गेंदबाजों को बचकर रहना होगा।
लॉरेन बेल: 41 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों के करियर में 60 विकेट निकाल चुकीं लॉरेन बेल शुरुआती ओवरों में श्रीलंका की बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती हैं। रफ्तार के साथ-साथ बेहतरीन लाइन एंड लेंथ की वजह से बेल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में बेहद खतरनाक गेंदबाज मानी जाती हैं। पावरप्ले के साथ-साथ अंतिम ओवरों में भी वह कारगर साबित हो सकती हैं।
डैनी व्याट-हज: इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। 180 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकीं व्याट अकेले दम पर अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से विपक्षी टीम के घुटने पर ला सकती हैं। व्याट को अगर प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो श्रीलंका को 35 वर्षीय इस खिलाड़ी के खिलाफ खास रणनीति के साथ उतरना होगा।
--आईएएनएस
एसएम/एएस