×

महिला टी20 विश्व कप 2026: चमारी अटापट्टू की कप्तानी में श्रीलंका ने घोषित की 15 सदस्यीय टीम

 

कोलंबो, 29 मई (आईएएनएस)। श्रीलंका ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। चमारी अटापट्टू टीम की कप्तान होंगी। श्रीलंका की टीम में विश्मी गुनारत्ने, शशिनी गिम्हानी और काव्या कविंदी को जगह मिली है। टीम से बाएं हाथ की अनुभवी स्पिनर इनोका राणावीरा को बाहर कर दिया गया है।

इनोका बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में श्रीलंका टीम का हिस्सा थी। 91 टी20 मैच खेलने वाली इस खिलाड़ी को सीरीज में मौका नहीं मिला था। श्रीलंका ने इस सीरीज को 3-0 से जीता था। बांग्लादेश में खेलने का मौका न मिलने के बावजूद इनोका को बाहर कर दिया गया है। इनोका ने मार्च में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में अच्छी गेंदबाजी की थी।

रश्मिका सेव्वांडी और देवमी विहंगा को भी 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड में होने वाले 12 टीमों के इस बड़े टूर्नामेंट की टीम से बाहर कर दिया गया है।

विश्मी ने 54 टी20 मैच खेले हैं, लेकिन 2024 महिला टी20 विश्व कप के बाद से वह अपनी फॉर्म के लिए संघर्ष कर रही हैं। श्रीलंका को कलाई की स्पिनर शशिनी और तेज गेंदबाज काव्या से विश्व कप में उम्मीद होगी।

इमेशा दुलानी, हंसिमा करुणरत्ने, कौशिनी नुथ्यंगना, सुगंदिका दसानायका, निमाशा मदुशानी, मालकी मदारा और मिताली अयोध्या महिला टी20 विश्व कप में पहली बार खेलने के लिए तैयार हैं।

श्रीलंका 12 जून को एजबेस्टन में मेजबान और 2009 की विजेता टीम इंग्लैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। चमारी इस टूर्नामेंट के पिछले सभी नौ संस्करणों में खेल चुकी हैं। इसके बाद 26 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में स्कॉटलैंड के खिलाफ ग्रुप 2 के मैच खत्म होने से पहले साउथेम्प्टन में न्यूजीलैंड, ब्रिस्टल में वेस्टइंडीज और आयरलैंड के खिलाफ मैच होंगे। टीम 3 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना होने वाली है।

श्रीलंका टीम: चमारी अथापथु (कप्तान), हासिनी परेरा, विशमी गुणरथने, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कवीशा दिलहारी, हंसिमा करुणारथने, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंदिका दासनायका, निमाशा मदुशानी, शशिनी गिम्हानी, काव्या कविंदी, मल्की मदारा और मिताली अयोध्या।

--आईएएनएस

पीएके