महिला टी20 विश्व कप फाइनल: इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीत ऑस्ट्रेलिया ने चुनी गेंदबाजी
लॉर्ड्स, 5 जुलाई (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला ऐतिहासिक लॉर्डस मैदान में मेजबान इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनक्स ने कहा, "हम गेंदबाजी करने जा रहे हैं। दिन अच्छा है। हम उन पर जल्द दबाव बनाना चाहते हैं। मुझे नहीं लगता कि पिच में ज्यादा बदलाव होगा। एलिसे पेरी ने कल ट्रेनिंग की थी और अच्छी दिखीं। हमें इस अहम मैच के पहले कुछ दिन की छुट्टी मिली। हमारे लिए यह खास दिन है।"
इंग्लैंड की कप्तान नट साइवर-ब्रंट ने कहा, "मैं भी पहले गेंदबाजी का फैसला करती। यह एक नया विकेट है। फाइनल में रन बनाना अच्छा है। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है। जीत के लिए हम ऑस्ट्रेलिया से एक रन ज्यादा बनाना चाहेंगे।"
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड पूर्व में तीन बार टी20 विश्व कप के फाइनल में आमने-सामने आ चुके हैं। तीनों ही बार इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड अब तक सिर्फ एक बार खिताब जीत सकी है। इंग्लैंड ने 2009 में खेला गया पहला संस्करण जीता था। पहला महिला विश्व कप इंग्लैंड में ही खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया छह बार टी20 विश्व कप जीत चुकी है और सातवीं बार खिताब अपने नाम करने की कोशिश में है।
इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: एमी जोन्स (विकेटकीपर), डैनी वायट-हॉज, नट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीथर नाइट, फ्रेया केम्प, डेनियल गिब्सन, शार्लेट डीन, लिंसे स्मिथ, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन बेल।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फोएबे लिचफील्ड, एलिसे पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन।
--आईएएनएस
पीएके