महिला दिवस पर अनुप्रिया पटेल का संदेश, कहा- भारत की नारी विकास की उत्प्रेरक
नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने देशभर की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत में महिलाएं सिर्फ विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास को आगे बढ़ाने वाली शक्ति बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व से देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दिल्ली में आयोजित 'शक्ति वॉक' कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह केवल एक साधारण पदयात्रा नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा दृष्टिकोण और व्यापक सोच छिपी हुई है। उन्होंने कहा कि आज भारत की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, "भारत की नारी अब केवल विकास की लाभार्थी नहीं है, बल्कि वह विकास की उत्प्रेरक और प्रवर्तक है। महिलाएं आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करना चाहती हैं, देश के विकास में योगदान देना चाहती हैं और लगातार योगदान दे भी रही हैं।"
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं और नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज उस दिशा में आगे बढ़ रहा है जहां विकास की धुरी महिलाओं का नेतृत्व है। आज भारत 'वुमन-लेड डेवलपमेंट' की अवधारणा के साथ आगे बढ़ रहा है।
इसके अलावा अनुप्रिया पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक पोस्ट किया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "विश्व महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। नारी शक्ति सृजन, संवेदना, साहस और संकल्प का अद्वितीय स्वरूप है। समाज, परिवार और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रही है।"
उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में आगे लिखा, "आइए, इस अवसर पर हम सभी महिलाओं के सम्मान, समान अवसर और सशक्तीकरण के संकल्प को और मजबूत करें तथा एक समतामूलक और प्रगतिशील समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें। नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।"
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस