×

महिला आरक्षण विधेयक देश के लिए एतिहासिक कदम: कादंबरी जेठवानी

 

नोएडा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में काम कर चुकीं कादंबरी जेठवानी ने केंद्र सरकार के महिला आरक्षण विधेयक का दिल खोलकर स्वागत किया है।

अभिनेत्री का कहना है कि यह कदम महिलाओं को राजनीति और देश में भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगा। उन्होंने पीएम मोदी के इस विजन को महिलाओं के लिए एतिहासिक कदम बताया है।

महिला आरक्षण विधेयक पर अभिनेत्री कादंबरी जेठवानी ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "एक डॉक्टर, फिल्म अभिनेत्री, शास्त्रीय नृत्यांगना और खिलाड़ी के रूप में मैंने भारतीय महिलाओं के अविश्वसनीय साहस और क्षमता को प्रत्यक्ष रूप से देखा है। हम इलाज करते हैं, सृजन करते हैं, नेतृत्व करते हैं, फिर भी कानून बनाने के क्षेत्र में हमारी आवाज को लंबे समय से कम प्रतिनिधित्व मिला है। यह नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। संसद और राज्य विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें आरक्षित करना मात्र दिखावा नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के उचित स्थान और नेतृत्व को संस्थागत रूप देने का कदम है।"

अभिनेत्री ने आगे कहा, "हमारे पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और जमीनी स्तर पर भी उन्हें आगे लाने में मदद करेगा। अब सबसे मुश्किल चुनौती इसे लागू करने की है, और मुझे लगता है कि जब महिला लीड करेगी तो देश अच्छे से तरक्की करेगा।"

वहीं, महिला आरक्षण विधेयक पर अभिनेत्री सेहरिश अली ने आईएएनएस से कहा, "मुझे लगता है कि यह सरकार का बहुत अच्छा निर्णय है और मैं इसका पूर्ण समर्थन करती हूं। इसे बहुत पहले ही लागू कर देना चाहिए था। एक महिला को बच्चे को जन्म देने का अधिकार है और ऐसा प्रावधान उसे अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर देता है। यह एक बहुत ही सकारात्मक कदम है।"

इससे पहले हिंदी सिनेमा में विलेन के तौर पर प्रसिद्ध मुकेश ऋषि ने भी विधेयक को देश और महिलाओं की उन्नति के लिए आवश्यक बताया था। मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि यह कदम सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक भी है, क्योंकि हम सालों से यह काम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। उन्होंने कहा था कि आज के समय में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, तो राजनीति में क्यों पीछे रहें।

बता दें कि महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष विरोध के सुर उठा रहा है। विपक्ष का कहना है कि बंगाल और केरल चुनाव से पहले सरकार इससे महिला वर्ग को आकर्षित करने का काम कर रही है।

--आईएएनएस

पीएस/डीकेपी