×

महिला आरक्षण का कोई मुद्दा ही नहीं है, अब नाटक क्यों किया जा रहा है : डॉली शर्मा

 

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस नेता डॉली शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि महिला आरक्षण विधेयक तो कोई मुद्दा ही नहीं है। 2023 में विपक्ष ने एक सुर में इसे पास किया था। परिसीमन के जरिए ये जिस तरह से उत्तर और दक्षिण को विभाजित कर रहे हैं, किस तरह से सीटों का आंकड़ा बढ़ा रहे हैं। विरोध का असली मुद्दा यह है।

कांग्रेस नेता डॉली शर्मा ने कहा कि सरकार 543 सीटों में से महिलाओं के लिए आज ही सीटें आरक्षित कर दे, वह ऐसा क्यों नहीं कर रही है? क्योंकि सरकार की नीयत में खोट है।

उन्होंने कहा कि इनकी नीयत सिर्फ सत्ता कब्जाने की होती है, कभी एसआईआर के नाम पर, कभी किसी और चीज के नाम पर। अब देश की महिलाओं के नाम पर क्या करने की कोशिश की जा रही है? पूरे संसद में सरकार का एक नाटक चल रहा है। जब महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून बन ही चुका है, तो अब इस तरीके का नाटक क्यों किया जा रहा है?

डॉली शर्मा ने कहा कि जब 2011 के आधार पर आपको आरक्षण लागू करना था, तो आपने 2023 में ही क्यों नहीं कर दिया? 2023 में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने कहा था कि बिना शर्त अभी इसे लागू करो। अगर उसी वक्त ये लागू हो गया होता तो 543 सीटों में 33 प्रतिशत सीटों पर महिलाएं संसद में होतीं। महिलाओं के साथ कांग्रेस शुरू से रही है। हमने पहली महिला प्रधानमंत्री दी है; महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व किया है. पंचायती राज में आज 15 लाख से ज्यादा महिलाएं हैं। महिला आरक्षण से हमें क्या दिक्कत हो सकती है?

भाजपा के आरोप पर डॉली शर्मा ने कहा कि उत्तर और दक्षिण में यह विभाजन करना चाहते हैं। केरलम में कितनी सीटें बढ़ेंगी और उत्तर प्रदेश में कितनी सीटें बढ़ेंगी। दक्षिण के सभी राज्यों की कितनी सीटें बढ़ेंगी और उत्तर के पांच राज्यों की कितनी सीटें बढ़ेंगी? सरकार ये भी तय कर दे।

--आईएएनएस

एसडी/जीकेटी