'महिला आरक्षण बिल से राजनीति में भी महिलाओं का बढ़ेगा सम्मान,' पश्चिम बंगाल की महिला नेताओं ने किया स्वागत
पश्चिम मिदनापुर, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। सरकार के इस फैसले की महिलाएं काफी तारीफ कर रही हैं। पश्चिम बंगाल की महिला नेताओं ने इसे महिलाओं को मजबूत बनाने और राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
भाजपा नेता अनिंदिता डे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह बिल महिलाओं के लिए अच्छा है। इससे महिलाओं को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। लोग कहते हैं कि महिला और पुरुष बराबर हैं, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। इस बिल से महिलाओं को काम करने में ज्यादा मदद मिलेगी। राजनीति में भी महिलाओं का सम्मान बढ़ेगा और उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
शिखा माथुर ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा फैसला लिया है। इसके लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। उन्होंने पूरे देश की महिलाओं की तरफ से प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से महिलाओं को सम्मान मिला है और वे अब सिर उठाकर चल सकती हैं।
उन्होंने कहा कि भारत एक पुरुष प्रधान देश रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने दिखाया है कि महिलाएं भी पुरुषों के साथ बराबरी में चल सकती हैं। उन्हें भी बराबर अधिकार मिलने चाहिए। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और कई योजनाएं शुरू कीं। आज महिलाएं अपने परिवार को भी संभाल रही हैं और आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी महिलाओं को सम्मान दे रहे हैं, इसके लिए जितना धन्यवाद दिया जाए, कम है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी पहले ही कह चुकी हैं कि 16 अप्रैल महिलाओं के लिए बड़ा दिन हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए जो फैसले लिए जा रहे हैं, वे बहुत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल महिलाओं के लिए एक खास दिन हो सकता है।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री की मजबूत इच्छा शक्ति के कारण ही ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे बिल लाए गए हैं। 16 अप्रैल को महिलाओं को और बड़ा तोहफा मिल सकता है, क्योंकि प्रधानमंत्री का लक्ष्य महिलाओं के नेतृत्व में देश का विकास करना है। विकसित भारत बनाने में महिलाएं भी अहम भूमिका निभा रही हैं। निश्चित रूप से उस दिन कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी