×

महिला आरक्षण बिल खारिज होना दुर्भाग्यपूर्ण, विपक्ष ने नारी शक्ति का अपमान किया : शिवसेना सांसद ज्योति वाघमारे

 

छत्रपति संभाजी नगर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के खारिज होने पर शिवसेना सांसद ज्योति वाघमारे ने शनिवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।

शिवसेना सांसद ज्योति वाघमारे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह विधेयक सिर्फ नरेंद्र मोदी या एनडीए का बिल नहीं था, बल्कि यह पूरे देश की नारी शक्ति और मातृ शक्ति का बिल था।

ज्योति वाघमारे ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। क्या विपक्ष यह भूल रहा है कि यह बिल भारत की समस्त महिलाओं का था? क्या आप खुश हैं, प्रियंका गांधी, कि आपकी सीट बच गई और अब कोई दलित, आदिवासी, या गरीब परिवार की बेटी महिला आरक्षण का लाभ लेकर संसद तक नहीं पहुंच पाएगी? क्या आप इसका जश्न मना रही हैं?"

राहुल गांधी की टिप्पणियों पर ज्योति वाघमारे ने नाराजगी जताते हुए कहा, "राहुल गांधी, आप किस दुनिया में जी रहे हैं? बालाकोट हो या ऑपरेशन सिंदूर, हमारे सैनिकों ने देश के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। लेकिन आप जैसे लोग, जो राजघराने से आते हैं और पूर्वजों के कामों के सहारे जीवन बिता रहे हैं, बार-बार देश की सेना का अपमान करते रहते हैं।"

शिवसेना सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा, "मैं एक बेटी के नाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सराहना करना चाहूंगी। हमें गर्व है कि वे महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित हैं। उज्ज्वला योजना हो, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ हो या ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ हो, हर कदम पर उन्होंने महिलाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है।"

ज्योति वाघमारे ने कहा कि महिला आरक्षण बिल खारिज होने से देश की आधी आबादी का सपना टूट गया है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी जैसे नेता अपनी सीट बचाने के चक्कर में महिलाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

सांसद ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रहे हैं और भले ही बिल इस बार नहीं पास हुआ, लेकिन सरकार महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखेगी।

--आईएएनएस

एससीएच/एमएस