सपा महिला विरोधी, इसलिए आरक्षण बिल पर अड़ंगा लगाने की कोशिश कर रहे अखिलेशः प्रतुल शाह
रांची, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने अखिलेश यादव द्वारा संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रवक्ता ने समाजवादी पार्टी को महिला विरोधी करार दिया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयक के आधार पर सवाल उठाते हुए रविवार को कहा था कि संसद व राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए सीट आरक्षित करने से पहले जनगणना पूरी करना जरूरी है।
सपा अध्यक्ष के बयान पर प्रतुल शाह देव ने कहा, "जब यूपीए के शासन में महिला आरक्षण बिल पेश हुआ था तो अखिलेश यादव की पार्टी ने पहले भी दस्तावेज को फाड़ दिया था। सपा के सांसदों ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी भी की थी। अखिलेश यादव इस बिल पर अड़ंगा लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी तैयारी कर ली है। इस विधेयक को 2011 के जनगणना को आधार माना गया है। वर्तमान में चल रहे जनगणना का पूरा डाटा आने में अभी समय लगेगा। ऐसे में 2029 लोकसभा चुनाव के दौरान इस बिल को पेश करना ठीक नहीं होगा। इसलिए महिला विधेयक का सभी को स्वागत करना चाहिए। सपा का महिला विरोधी मानसिकता बार-बार सबके सामने उजागर हो रहा है।"
बिहार में कांग्रेस द्वारा जारी 53 जिलाध्यक्षों में सामान्य वर्ग के लोगों की भागीदारी अधिक होने पर प्रतुल शाह ने कहा, "राहुल गांधी का ओबीसी प्रेम सिर्फ दिखावा है।"
मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा गुजरात के लोगों को अशिक्षित कहने पर भाजपा नेता ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष को शर्म आनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस के पथ प्रदर्शक महात्मा गांधी गुजराती थे। गुजराती लोगों ने अपने पराक्रम और उद्योग से पूरे दुनिया में अपने आप को साबित किया है। सरदार वल्लभ पटेल की भूमि के लोगों को अशिक्षित बताना घटिया राजनीति है।"
कांग्रेस द्वारा असम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट होने के दावे पर प्रतुल शाह ने कहा, "राजनीति का स्तर इससे अधिक नहीं गिर सकता। असम के मुख्यमंत्री पर बेबुनियाद आरोप लगाया, जिसका भाजपा ने पूरी तरह से खंडन कर दिया है।"
--आईएएनएस
ओपी/वीसी