'महायुति में तनाव पैदा करने वाले बयान न दें,' विजय चौधरी की चंद्रकांत रघुवंशी को नसीहत
नंदुरबार, 10 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में महायुति के भीतर मनमुटाव बढ़ने की चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक चंद्रकांत रघुवंशी के हालिया बयान पर कहा कि ऐसे वक्तव्य नहीं दिए जाने चाहिए, जिससे महायुति में तनाव पैदा हो।
दरअसल, चंद्रकांत रघुवंशी ने हाल ही में कहा था कि अगर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे एक साथ आ जाते हैं, तो वही असली दिवाली होगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई थी।
विजय चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ही पार्टी है। जिला भाजपा, प्रदेश भाजपा और केंद्रीय भाजपा को अलग-अलग नहीं मापा जा सकता। अगर आप जिला भाजपा पर टिप्पणी करते हैं, तो स्वाभाविक रूप से उसमें केंद्र और राज्य का भी समावेश हो जाता है। इसलिए किसी भी नेता को इस तरह की टिप्पणी से बचना चाहिए।
उन्होंने चंद्रकांत रघुवंशी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आप महायुति में हैं और प्रदेश में हम सब एक साथ हैं। ऐसा कोई वक्तव्य न दें, जिसकी वजह से महायुति में तनाव निर्माण हो। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने भी यही कहा है कि विवादास्पद वक्तव्यों से बचना चाहिए।
विजय चौधरी ने कहा कि कौन साथ रहेगा और कौन नहीं रहेगा, यह सब प्रदेश के नेता तय करते हैं। प्रदेश के नेता सीएम देवेंद्र फडणवीस हैं और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चौहान हैं। यही नेता तय करेंगे कि नंदुरबार जिले में आने वाला जिला परिषद का चुनाव महायुति के साथ लड़ा जाए या फिर भाजपा अपने बलबूते पर लड़े।
विजय चौधरी ने साफ कहा कि स्थानीय स्तर पर चुनाव को लेकर फैसला प्रदेश नेतृत्व का होगा। किसी एक नेता के बयान से महायुति की एकता पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। महायुति पूरी तरह एकजुट है और प्रदेश में सभी दल एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम