☰
×

महासप्तमी पर रामकृष्ण मिशन पहुंचीं बांसुरी स्वराज, मां दुर्गा के दर्शन कर दिया कन्या पूजन का संदेश

 

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बांसुरी स्वराज दिल्ली स्थित रामकृष्ण मिशन के दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचीं। यहां उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और दुर्गा पूजा के अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने महासप्तमी के अवसर पर रामकृष्ण मिशन पहुंचने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह स्थान आस्था और आध्यात्मिकता का केंद्र है। यहां मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ ही उन्हें दुर्गा पूजा पंडाल में मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने का अवसर मिला।

उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा, “आज आप देखेंगे कि मां की आंखें इतनी सम्मोहक हैं कि मैं उन्हें देखकर मंत्रमुग्ध हो गई और वहीं खड़ी रह गई।” उन्होंने कामना की कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा जैसे त्योहार सभी के जीवन में शुभता, खुशियां, शांति और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आएं। साथ ही, उन्होंने प्रार्थना की कि सभी को मां दुर्गा और गुरुदेव का मार्गदर्शन मिलता रहे।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कन्या पूजन के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह परंपरा केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं है। रामकृष्ण मिशन में भी कन्या पूजन किया जा रहा है, जो इस परंपरा की व्यापकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि छोटी बच्चियों में नवदुर्गा के स्वरूप को देखा जाता है। कन्या पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को बेटियों के महत्व का एहसास कराने का भी एक माध्यम है। यह परंपरा हमें याद दिलाती है कि बच्चियों की देखभाल करना, उन्हें बेहतर शिक्षा और उचित पालन-पोषण देना तथा उन्हें सशक्त बनाना हमारी जिम्मेदारी है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को कन्या पूजन के पीछे छिपे संदेश को समझना चाहिए। बेटियों के सम्मान और सशक्तीकरण को जीवन में अपनाकर ही एक मजबूत समाज की नींव रखी जा सकती है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कन्या पूजन केवल परंपरा निभाने के लिए न करें, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प भी लें। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम