महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में विपक्ष के पास उम्मीदवार नहीं, विपक्ष परेशान : मनीषा कायंदे
मुंबई, 3 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में विधान परिषद का चुनाव 18 जून को होना है, जिसको लेकर राजनीति तेज हो गई है। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने दावा किया है कि विपक्ष के पास न कोई मुद्दा बचा है, न ही कोई उम्मीदवार बचा है, इसीलिए ये लोग परेशान हो रहे हैं।
शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "विपक्ष के पास तो कोई ठीक-ठाक उम्मीदवार भी नहीं हैं, उन्हें किसी एक को चुनने में ही कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन 17 सीटों पर हमें जीत का पूरा भरोसा है। हमारे मतदाता बहुत मजबूत हैं। नगर परिषदों और नगर निगमों में, ज्यादातर मतदाता 'महायुति' से जुड़े हैं। इसलिए, हमें पूरा यकीन है कि हम जरूर जीतेंगे।"
उन्होंने कहा कि महायुति के सभी घटक दलों के बीच उचित समन्वय है और हम पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। 18 जून को होने वाले चुनावों में महायुति के उम्मीदवार राज्य की सभी 17 सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे।
एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार के बारे में शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने कहा, "वे चुनाव आयोग जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, क्योंकि आजकल वे अपना ज्यादातर समय पुलिस थानों में ही बिताते हैं। अगर उनके पास सबूत हैं, तो उन्हें पुलिस थाने जाकर उन्हें साबित करना चाहिए।"
शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने कहा, "आजकल संजय राउत के आरोपों को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता। पहले लोग उनकी बातें सुनते थे, लेकिन अब तो वे उन्हें सुनना भी पसंद नहीं करते और आगे बढ़ जाते हैं। ये बयान ज्यादातर मीडिया तक ही सीमित रहते हैं। आज उद्धव ठाकरे की पार्टी की हालत ऐसी है कि वे खुद भी इस बात की गारंटी नहीं दे सकते कि उनके अपने लोग उनके साथ बने रहेंगे।"
बता दें कि महाराष्ट्र में आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए महायुति ने बुधवार को 17 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। इस लिस्ट में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी के उम्मीदवार हैं। मतदान 18 जून को होगा। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख 4 जून है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम