×

महाराष्ट्र: टीईटी पेपर लीक मामले पर बोले विजय वडेट्टीवार, सरकार छात्रों के भविष्य से कर रही खिलवाड़

 

चंद्रपुर, 27 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले पर कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता विजय वडेट्टीवार ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विजय वडेट्टीवार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि महाराष्ट्र पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर पेपर लीक मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। नीट परीक्षा के दौरान भी महाराष्ट्र का नाम प्रमुखता से सामने आया था और पेपर लीक की शुरुआत यहीं से हुई थी। अब टीईटी परीक्षा का पेपर भी लीक हो गया है, जिससे परीक्षा की तैयारी में जुटे हजारों छात्रों में गहरी निराशा और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात कड़ी मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन जब वे परीक्षा केंद्र तक पहुंचते हैं और पेपर लीक होने की खबर सामने आती है तो उनकी महीनों की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर जाता है। उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए शर्मनाक स्थिति बताया।

वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र जैसे बड़े और विकसित राज्य में टीईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से परीक्षा कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले पुणे में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित नहीं कर सकती तो उसे अपने कामकाज पर गंभीर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल दोषियों पर कार्रवाई की बात करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी तय होना चाहिए कि जिस व्यवस्था के तहत बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, उसकी जवाबदेही किसकी है।

सीएलपी नेता ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और उसकी लापरवाही के कारण युवाओं को सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर पूरे देश में छात्रों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया था और अब टीईटी परीक्षा में भी ऐसी ही घटना सामने आई है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाए, ताकि छात्रों का विश्वास बहाल हो सके और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी