×

महाराष्ट्र: टीईटी पेपर लीक मामले में पुलिस प्रशिक्षण संस्थान का संचालक गिरफ्तार, भिवंडी कोर्ट में किया जा सकता है पेश

 

भिवंडी, 11 अगस्त (आईएएनएस)। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में सोलापुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण संस्थान के संचालक को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को पुलिस उसको भिवंडी कोर्ट में पेश कर सकती है। भिवंडी जोन-2 के डीसीपी पवन बंसोड़ ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

भिवंडी पुलिस ने सोलापुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण संस्थान के संचालक प्रकाश पवार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक पुलिस 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। टीईटी पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।

मामले की जांच भिवंडी पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) की ओर से की जा रही है। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने मामले के मुख्य सूत्रधार बिजेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया था।

शुरुआत में पुलिस ने दिल्ली, आगरा और बिहार से आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, जांच के दौरान इस मामले के तार महाराष्ट्र से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई। जांच में प्रकाश पवार का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रकाश पवार सोलापुर में पुलिस भर्ती के साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली प्रशिक्षण संस्था चलाता है। जांच में सामने आया है कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पवार ने कुछ विद्यार्थियों के दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। ये दस्तावेज किस उद्देश्य से दिए गए थे, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

इसके अलावा, प्रकाश पवार का इस मामले में शामिल अन्य लोगों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। टीईटी पेपर लीक मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस आर्थिक लेन-देन, विद्यार्थियों के दस्तावेज और परीक्षा में हुई अनियमितताओं से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने बताया था कि बिहार में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिजेंद्र गुप्ता, इंद्रजीत सिंह उर्फ पीकू और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना था कि बिजेंद्र गुप्ता ने देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए कई परीक्षा पेपर लीक मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो सकती है। इसी वजह से वह महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले का सबसे वांछित आरोपी माना जा रहा था।

--आईएएनएस

एसडी/एएस