☰
×

महाराष्ट्र से गिरफ्तार 13 लाख के इनामी माओवादी की निशानदेही पर झारखंड के जंगल से राइफल और कारतूस बरामद

 

पलामू, 10 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड और बिहार में 13 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ गोदराम की निशानदेही पर पलामू जिले की पुलिस ने जंगल से एक इंसास राइफल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं। संजय यादव को दो दिन पहले महाराष्ट्र एटीएस ने ठाणे से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसे पलामू पुलिस को सौंप दिया गया था। संजय यादव प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का जोनल कमेटी सदस्य (जेडसीएम) है। उस पर झारखंड में 10 लाख और बिहार में तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था।

वह दोनों राज्यों में दर्ज कुल 53 मामलों में वांछित है। इनमें पलामू के 23, बिहार के औरंगाबाद के 20 और गया जिले के 10 मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला, लेवी वसूली, विस्फोट, आगजनी तथा हथियार और विस्फोटक रखने के मामले दर्ज हैं। वह पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन (तिलहड़वा) गांव का रहने वाला है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संजय यादव कई बड़ी नक्सली घटनाओं में आरोपित रहा है। 25-26 अप्रैल 2019 की रात हरिहरगंज बाजार स्थित हीरा कॉम्प्लेक्स में भाजपा के चुनाव कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने और तुरी गांव के पास बटाने नदी पर निर्माणाधीन पुल की मशीनों तथा अस्थायी शेड में आग लगाने की घटना में उसका नाम आया 23 नवंबर 2019 को पीपरा बाजार में हुई गोलीबारी में भी वह आरोपित है। इस घटना में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता और एक अन्य नागरिक सूरज कुमार सोनी की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे।

23 अगस्त 2023 को महुदंड-काला पहाड़ सड़क निर्माण में लगे मजदूरों और मुंशी को बंधक बनाकर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और मशीनों में आग लगा दी गई थी। इसमें तीन हाइवा, एक ग्रेडर, एक रोलर, एक पेवर, एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल जला दी गई थी। इस मामले में भी संजय यादव आरोपित है। इसके अलावा क्रेशर और ईंट-भट्ठा संचालकों से लेवी वसूली तथा सड़क निर्माण में लगे वाहनों को जलाने के मामलों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, जुलाई 2023 में पीपरा-छतरपुर मुख्य सड़क पर हारना गांव के पास पुलिस को निशाना बनाने के लिए पुलिया के नीचे केन बम और सिलिंडर बम लगाए गए थे। फरवरी 2025 में हुसैनाबाद के दुधिया जंगल में सर्च अभियान के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया करीब आठ से नौ किलोग्राम का आईईडी बरामद हुआ था। मई 2025 में पांडू थाना क्षेत्र के बरवाही जंगल में पुलिस और माओवादी दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई थी। इन मामलों में भी संजय यादव आरोपित है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम