महाराष्ट्र सरकार रमजान के दौरान मुसलमानों को रियायत दें: अबू आजमी
मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने कहा कि मुसलमानों के लिए रमजान बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार को भी रियायत देनी चाहिए।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री से यह भी अनुरोध किया है कि रमजान के महीने में धार्मिक रियायत दें, जिससे रोजा रखने वाले और नमाज पढ़ने वाले लोग शाम 4 बजे तक ही ऑफिस में काम कर सकें और फिर छुट्टी ले सकें। हमने मुख्यमंत्री से कहा कि दूसरी सरकारों ने भी यह छूट दी है और उन्हें भी इस पर विचार करना चाहिए। मुस्लिम समाज में रमजान का बहुत महत्व है। इसीलिए हम चाहते हैं कि रियायत मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आगे विधानसभा सत्र भी आने वाला है। यहां भी थोड़ी छूट मिलनी चाहिए।
अबू आजमी ने कहा कि जैसे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में रमजान के दौरान सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों को धार्मिक रियायत के तहत शाम 4 बजे तक छुट्टी दी गई है, उसी प्रकार मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से निवेदन करता हूं कि महाराष्ट्र में भी ऐसा निर्णय लिया जाए, ताकि रोजा रखने वाले कर्मचारियों को राहत मिल सके।
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' पर अबू आजमी ने कहा कि यह सब झूठा प्रोपेगैंडा है। 'लव जिहाद' जैसी कोई चीज नहीं है। अलग-अलग धर्मों के कई लड़के-लड़कियां एक-दूसरे से शादी करते हैं। अगर इतनी परेशानी है तो कानून बना दीजिए कि किसी दूसरे धर्म में युवक-युवती शादी नहीं कर सकता। इस तरह की फिल्म लाकर लोगों में नफरत पैदा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्म बनानी चाहिए जिससे समाज में अच्छा संदेश जाए। सभी धर्म के लोग प्यार-मोहब्बत से मिलजुलकर रहें। कानून को अपना काम करने दीजिए। अगर कोई गलत करेगा तो उसे सजा दी जाएगी। मैं समझता हूं कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट को संज्ञान लेना चाहिए।
गुजरात में शादी के लिए माता-पिता की मंजूरी जरूरी होने पर अबू आजमी ने कहा कि गुजरात सरकार ने फैसला सही लिया है। अगर कोई शादी कर रहा है तो उसे माता-पिता की मंजूरी लेनी होगी।
एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर अबू आजमी ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि जब सड़कें सुनसान हो जाती हैं, तब संसद आवारा हो जाती है। सभी को अधिकार है कि विरोध करें। इतनी सख्ती बरतना मैं समझता हूं कि ठीक नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी