जनता के हित में काम कर रही महाराष्ट्र सरकार, विपक्ष सिर्फ आरोप लगा रहा: एकनाथ शिंदे
नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र की राजनीति और महायुति सरकार के कामकाज पर बात करते हुए कहा कि प्रदेश की अपनी अलग संस्कृति है और महायुति सरकार हमेशा जनता के हित में फैसला लेती है।
एकनाथ शिंदे ने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद से विपक्ष हर निर्णय का विरोध करता आ रहा है और लगातार आरोप लगाता रहता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इन आरोपों का जवाब अपने काम के जरिए देती है। शिंदे ने जोर देकर कहा कि महाराष्ट्र की सरकार पूरी तरह से जनता की सरकार है और जनता के हित में कार्य कर रही है।
इस दौरान उन्होंने एनसीपी नेता रोहित पवार द्वारा की गई जांच की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि रोहित पवार उनसे और मुख्यमंत्री से मिले थे और उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की बात कही थी। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इस दुर्घटना की जांच कर रही है, साथ ही सीआईडी और केंद्र सरकार की एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
उपमुख्यमंत्री ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अजीत पवार की मौत सभी के लिए एक बड़ा हादसा है और सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएंगी।
उन्होंने संसद सत्र के दौरान दिल्ली दौरे को लेकर कहा कि जब भी संसद का सत्र चलता है, वह अपने सांसदों से मुलाकात करने जरूर आते हैं। उन्होंने बताया कि वह हर सत्र में इसी तरह दिल्ली आते रहे हैं और इस बार भी उन्होंने नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी भेंट की।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी