महाराष्ट्र: पुणे-सोलापुर हाईवे पर हादसे के बाद एक्शन, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने जांच के दिए आदेश
पुणे, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इंदापुर तालुका के राजवडी गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के समीप हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन को मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदापुर तालुका के राजवडी गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के समीप शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। साइड पट्टी के भराव कार्य के दौरान मिट्टी और मुरम का ढेर अचानक ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ जब फ्लाईओवर के पास भराव कार्य चल रहा था। घटनास्थल पर तीन मजदूर काम कर रहे थे। अचानक मिट्टी का ढेर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। एक मजदूर ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते खुद को बचा लिया, जबकि दो मजदूर मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों की मदद से शुरू किए गए राहत एवं बचाव अभियान में एक मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, दूसरे मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। घायल मजदूर को तुरंत इंदापुर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दुर्घटना पर महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन को मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी