☰
×

महाराष्ट्र : पुणे संभाग में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.29 करोड़ रुपए का खाद्य तेल जब्त

 

पुणे, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्योहारों के मौसम में नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे संभाग में खाद्य तेल निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुणे, सांगली, सोलापुर, सतारा और कोल्हापुर जिलों में 25 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 74,612.11 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.29 करोड़ रुपए से अधिक है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत संदिग्ध रूप से निम्नस्तरीय, असुरक्षित एवं गलत लेबलिंग वाले खाद्य तेल के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के दौरान पुणे संभाग में कुल 25 स्थानों पर छापेमारी की गई। पुणे जिला में 8 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 34,481 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसका मूल्य लगभग 58.90 लाख रुपए है। सांगली जिला में 4 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, जहां से 2,536 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4.07 लाख रुपए बताई गई है।

इसके साथ ही सोलापुर जिला में 5 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई है। यहां से 13,490 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 25.33 लाख और सतारा जिला में 4 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई और 5,948 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 11.41 लाख रुपए बताई गई है।

जबकि कोल्हापुर जिले में 4 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई और 18,156 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया। जब्त किए गए सामान की कीमत लगभग 29.03 लाख रुपए है।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए गए। इनमें खाद्य तेल की संदिग्ध गुणवत्ता, प्रयोगशाला और योग्य रसायनज्ञ का अभाव, इस्तेमाल किए जा चुके टिनों का पुनः उपयोग, तेल टैंकों के लिए साझा पाइपलाइन, गलत लेबलिंग एवं ब्रांडिंग, लाइसेंस और रिकॉर्ड संबंधी कमियां शामिल हैं।

एफडीए के अनुसार, इन मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूची-4 के प्रावधानों के उल्लंघन के संकेत मिले हैं। विभाग ने खाद्य व्यवसाय संचालकों को कानून का सख्ती से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एफडीए अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी या घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य तेल की बिक्री पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से भी संदिग्ध खाद्य उत्पादों की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम