×

महाराष्ट्र पुलिस में बड़ा फेरबदल, विश्वास नांगरे पाटिल बने नागपुर के नए पुलिस आयुक्त

 

मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विश्वास नांगरे पाटिल को नागपुर शहर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।

विश्वास नांगरे पाटिल महाराष्ट्र पुलिस के चर्चित अधिकारियों में शामिल हैं। उन्हें मुंबई और महाराष्ट्र में सख्त पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। उनके कार्यशैली के कारण उन्हें कई बार ‘सिंघम’ की छवि वाले अधिकारी के तौर पर भी पेश किया गया है। नागपुर जैसे महत्वपूर्ण शहर की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनकी भूमिका पर सभी की नजरें रहेंगी।

सरकार ने नागपुर के मौजूदा पुलिस आयुक्त संजय वर्मा का तबादला पुलिस आवास एवं कल्याण निगम के महानिदेशक पद पर कर दिया है। वहीं, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अर्चना त्यागी का भी तबादला किया गया है। महिला अधिकारियों में अपनी अलग पहचान रखने वाली अर्चना त्यागी को न्यायिक एवं तकनीकी पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पुलिस आवास एवं कल्याण निगम में महानिदेशक के पद पर कार्यरत थीं।

इसके अलावा दत्तात्रेय शिंदे को राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के राज्य अपराध अभिलेख विभाग में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भेजा गया है। संजय शिन्त्रे को मीरा-भयंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्त कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।

तबादलों की इस सूची में कई अन्य अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। प्रशांत मोहिते को छत्रपति संभाजीनगर शहर के पुलिस उपायुक्त पद से हटाकर डायल-112, नवी मुंबई में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। नीलेश रोहेन को हिंगोली के पुलिस अधीक्षक पद से नांदेड़ का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

अभिनाश कुमार, जो नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें पुणे शहर का पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, श्रीमंत लाड को खामगांव, बुलढाणा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर हिंगोली का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

रूपाली अंबुरे को डायल-112, नवी मुंबई से महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम में पुलिस अधीक्षक पद पर भेजा गया है। शशिकांत सातव का तबादला नागपुर शहर के पुलिस उपायुक्त पद से छत्रपति संभाजीनगर शहर के पुलिस उपायुक्त के रूप में किया गया है।

रमेश धूमल को अमरावती शहर के पुलिस उपायुक्त पद से नागपुर शहर का पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। पीयूष जगताप को राज्य रिजर्व पुलिस बल समूह संख्या-17, चंद्रपुर के कमांडर पद से खामगांव, बुलढाणा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार के इस बड़े फेरबदल को पुलिस प्रशासन में नई जिम्मेदारियों और बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है। नए पदों पर नियुक्त अधिकारियों से कानून-व्यवस्था मजबूत करने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद की जा रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी