महाराष्ट्र: नागपुर में सिगरेट का बिल देने से मना करने पर दो गुटों में संघर्ष, 6 गिरफ्तार
नागपुर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर स्थित टेकनाका इलाके के मेट्रो स्टेशन के पास दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं; पुलिस ने मामला दर्ज करके अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर रात 1:30 के आस-पास एक 'बार' में अलग-अलग टेबल पर दो-दो लोग डिनर कर रहे थे। डिनर के बाद जैसे वह बाहर निकले, एक ग्रुप का व्यक्ति सिगरेट ले रहा था, तभी उस व्यक्ति से दूसरे ग्रुप के व्यक्ति ने कहा कि उसके लिए भी वह सिगरेट ले ले। तभी जो व्यक्ति सिगरेट ले रहा था, उसने कहा कि वह खुद के लिए सिगरेट ले रहा है, उसके लिए क्यों ले, इस बात को लेकर दोनों ग्रुप में जमकर बहस हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहस इतनी बढ़ गई कि एक ग्रुप के व्यक्ति ने अपने साथियों को बुला लिया और देखते ही देखते दोनों ग्रुपों में जमकर हाथापाई शुरू हो गई। इस बीच लाठी-डंडे, पत्थर, और चाकूबाजी के साथ दोनों गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने गाड़ियां तोड़ीं, यहां तक कि एक-दूसरे पर चाकू से हमला करने का प्रयास भी किया गया।
नागपुर की कपिल नगर पुलिस निरीक्षक सतीश आडे ने बताया कि यह मंगलवार देर रात का मामला है। पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली, पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज करके 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है; घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पूरे घटनाक्रम में आठ लोग इंवॉल्वड थे, जिनमें से 6 को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया और दो घायल हैं जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
--आईएएनएस
एमएस/