महाराष्ट्र में सूखे पर बोले उपमहापौर संजय घाडी- केंद्र से किसानों को मिलेगी बड़ी मदद
मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमहापौर संजय घाडी ने राज्य में गहराए सूखे के संकट पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिवसेना के मुख्य नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिल्ली में प्रधानमंत्री के सामने महाराष्ट्र के सूखे की स्थिति रखी है। घाडी ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार की मदद से किसानों को राहत मिलेगी और किसी की भी दीपावली अंधेरे में नहीं बीतेगी। साथ ही उन्होंने पानी के इस्तेमाल, गणेशोत्सव में पर्यावरण संरक्षण और मुंबई में अवैध होर्डिंग्स पर भी अपनी राय रखी।
महाराष्ट्र के उपमहापौर संजय घाडी ने कहा, "हमारे शिवसेना के मुख्य नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिल्ली जाकर महाराष्ट्र में आए सूखे की स्थिति प्रधानमंत्री के सामने रखी है। मुझे लगता है कि 265 तहसीलों में अकाल घोषित किया गया है। कुछ तालुकों और कुछ जिलों में तो बारिश ही नहीं हुई, जिस कारण हमारे किसान भाइयों का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है और वे प्रति एकड़ 25,000 से 50,000 रुपए की मांग कर रहे हैं। इस सब के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर मदद करेगी।"
उन्होंने आगे कहा कि इस विषय पर शिंदे और पीएम मोदी के बीच बैठक हो चुकी है, और उन्होंने कहा कि जब एकनाथ शिंदे कहते हैं और उनके साथ पीएम नरेंद्र मोदी हैं तो 100 प्रतिशत केंद्र के माध्यम से महाराष्ट्र को अच्छी मदद मिलेगी।
गणेशोत्सव में बीएमसी के योगदान और महाराष्ट्र में अवैध होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर और साइनबोर्ड हटाने को लेकर जारी निर्देश पर उन्होंने कहा कि उन्होंने एक बहुत अच्छा निर्णय घोषित किया है कि 10 दिनों तक इशारों की मिट्टी और सर्टिफाइड बैनरों के अलावा अन्य बैनरों पर कार्रवाई होगी। यह जरूरी भी है, क्योंकि उन्होंने पहले भी गणेशोत्सव में अपील की थी कि सभी लोग शाडू मिट्टी की मूर्ति लाएं और पर्यावरण की मदद करें, क्योंकि शाडू मिट्टी की मूर्ति का विसर्जन आसानी से तालाब में, कृत्रिम तालाब में या घर के छोटे बर्तन में भी किया जा सकता है।
संजय घाडी ने आगे कहा कि उसी मिट्टी को हम अपने पेड़-पौधों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। यही उनका उद्देश्य है। दूसरा, उन्होंने कहा है कि 365 दिन मुंबई शहर में लगने वाले गैरकानूनी और अनधिकृत होर्डिंग्स पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए महानगरपालिका प्रशासन को उपलब्ध नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और नियमों का उपयोग करके, यदि और अधिक कड़े नियम बनाने की आवश्यकता है तो अच्छे नियम बनाकर इसे लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मैं भी सभी लोगों से अपील करूंगा कि हर पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर यह प्रतिबंध लगाए कि होर्डिंग न लगाएं। आपने देखा होगा कि ठाणे में भी ब्रिज के ऊपर से होर्डिंग गिरने से टू-व्हीलर पर जा रही महिला का एक्सीडेंट हो गया था। हमारे यहां भी जब हम वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जाते हैं, तो वहां अवैध रूप से लगे होर्डिंग टूटकर उनकी लकड़ियां इधर-उधर बिखर जाती हैं।
उपमहापौर ने कहा कि इसकी वजह से एक्सीडेंट भी हो सकते हैं। किसी की जान भी जा सकती है, इसलिए मैं आपसे विनती करता हूं, आपके माध्यम से मुंबईवासियों और सभी राजनीतिक नेताओं से विनती करूंगा कि आप इस पर विचार कीजिए और हमारी मुंबई की महापौर ने जो अपील की है, उसका साथ दीजिए।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी