×

महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' 365 दिन चलता है, चोरी-छिपे नहीं करते: परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक

 

मुंबई, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने शिवसेना के 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर शुक्रवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि उनका ऑपरेशन टाइगर 365 दिन चलता रहता है। अगर कोई व्यक्ति स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे या उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की विचारधारा को मानता है और उनके साथ आना चाहता है तो उसे मना नहीं किया जाएगा, लेकिन सब कुछ खुलेआम और पारदर्शी तरीके से होगा।

सरनाईक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "विधानसभा सत्र के दौरान शिवसेना (यूबीटी) के कई विधायक मुझसे मिलने आए थे। बतौर परिवहन मंत्री मेरी जिम्मेदारी है कि मैं सभी की समस्याओं का समाधान करूं। रही बात ऑपरेशन टाइगर की, तो हम चोरी-छिपे बैठकें नहीं करते। जो हमारे विचारधारा से जुड़ना चाहता है, वह स्वागतयोग्य है।"

कोर्ट द्वारा चांदीवली विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम मशीनों की जांच के निर्देश पर प्रताप सरनाईक ने कहा कि कोर्ट के आदेश का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा, "कोर्ट ने जांच का निर्देश दिया है, इसलिए जांच होनी चाहिए। कोर्ट के निर्णय का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।"

टोल प्लाजा को पूरी तरह कैशलेस बनाने के केंद्र सरकार के फैसले का परिवहन मंत्री ने समर्थन किया। उन्होंने कहा, "यह फैसला केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में लिया गया है। हम राज्य सरकार की ओर से भी इस दिशा में काम कर रहे हैं। टोल प्लाजा पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए यह जरूरी कदम है।"

‘मराठी बोलो, परमिट लो’ अभियान पर प्रताप सरनाईक ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा, "अगर महाराष्ट्र में रहना है और यहां काम-धंधा करना है तो 100 प्रतिशत मराठी आना चाहिए। यह निर्णय मेरे मंत्री बनने के बाद नहीं, बल्कि 2019 में ही लिया गया था। रिक्शा चालक हो या कोई भी व्यवसाय करने वाला, मराठी भाषा अनिवार्य होगी।"

कॉमेडियन कुणाल कामरा के विवाद पर मंत्री ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले में एक कमेटी गठित की है और कुणाल कामरा उसी कमेटी के सामने अपना बयान दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अभी इस मुद्दे पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। अगर वे अपनी गलती नहीं मानेंगे तो शिवसेना स्टाइल में उन्हें जवाब दिया जाएगा।"

मेट्रो प्रोजेक्ट-10 के बारे में जानकारी देते हुए प्रताप सरनाईक ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में दहिसर से काशी गांव मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन हुआ। उसी समय यह फैसला लिया गया कि मेट्रो-9 और मेट्रो-4 से जुड़ने वाले रास्ते का काम तेजी से पूरा किया जाए।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी