×

महाराष्‍ट्र में डॉक्टरों पर हमले की कृष्णा हेगड़े ने कड़ी निंदा की, पीएम मोदी के विदेश दौरे की सराहना की

 

मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना के कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे द्वारा मुंबई के कल्याण-डोंबिवली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट मामले पर सियासत तेज हो गई है। शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने इस घटना की निंदा की, और साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के विदेश दौरे की सराहना भी की।

शिवसेना के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा, "सबसे पहले, हम कल्याण-डोंबिवली अस्पताल में हुई घटना की निंदा करते हैं। भले ही रमेश म्हात्रे हमारी पार्टी के कॉर्पोरेटर हैं, फिर भी हम डॉक्टरों पर उनके द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। ऐसी हरकत के लिए कोई बहाना नहीं हो सकता।

कृष्णा हेगड़े ने कहा कि रमेश म्हात्रे द्वारा किए गए डॉक्‍टरों पर हमले की निंदा करते हैं। डॉक्‍टर मानवता के प्रतीक होते हैं। डॉक्‍टरों से मारपीट सहन नहीं किया जाएगा। रमेश म्हात्रे पर सरकार की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। शिवसेना पार्टी की तरफ से भी कार्रवाई की जाएगी।

शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे की सराहना की। उन्‍होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ग्लोबल लीडर हैं। जी20, जी7 और सार्क समिट में देखा गया है कि वे लगातार दुनिया के मंच पर भारत के हितों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिससे देश को फायदा होता है। आज कई लोग पीएम मोदी को एक ग्लोबल लीडर मानते हैं, और दुनिया के नेता उन्हें जानते हैं, उनका सम्मान करते हैं और उनसे सलाह लेते हैं।"

उन्‍होंने कहा कि पीएम मोदी ने कोविड काल में भारत ही नहीं, दुनियाभर के लोगों की जान को सुरक्षित करने का काम किया है। इसके लिए पीएम मोदी को राष्‍ट्र के सबसे बड़े सम्‍मान से नवाजा गया है। पीएम इंडोनेशिया और आस्‍ट्रेलिया जा रहे हैं। यह बहुत अच्‍छी बात है। इससे दोनों देशों के बीच कारोबार में कई करार संभव हैं।

उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की विधायकों के साथ बैठक की तीखी आलोचना की। उन्‍होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह यही बैठक कई साल पहले की होती तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। 40 विधायक और 13 सांसद पार्टी छोड़कर नहीं जाते। अगर यही बैठक वह पहले कर लेते तो लोकसभा और विधानसभा के चुनाव नहीं हारते।

अयोध्‍या में श्रीराम चढ़ावा चोरी प्रकरण में शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भाजपा नेता और महाराष्‍ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे को पत्र लिखकर इस प्रकरण पर ध्यान देने और हिंदू समुदाय की रक्षा करने की बात कही। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि संजय राउत हमेशा विवादित बयान देने की कोशिश करते हैं।

कृष्णा हेगड़े ने कहा कि शायद संजय राउत को इस बात की जानकारी नहीं है कि योगी सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया है। कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, और चंपत राय ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया है। आरोपियों की जमीन को जब्‍त कर लिया गया है। इस प्रकरण में सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी