महाराष्ट्र की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया: वीरेंद्र सचदेवा
नई दिल्ली,16 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने बीएमसी चुनाव में भाजपा गठबंधन को मिली जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन दशकों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम में बहुमत हासिल किया है, जो दिखाता है कि महाराष्ट्र के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।
एक्स पोस्ट में वीरेंद्र सचदेवा ने लिखा कि महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में महायुति की प्रचंड विजय सुशासन, संगठनात्मक सशक्तता और मुंबईकरों के अटूट विश्वास का प्रमाण है। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ महायुति के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम कर यह सफलता सुनिश्चित की। सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को साधुवाद। इस जनादेश से ‘विकसित महाराष्ट्र’ अभियान को और अधिक गति मिलेगी। मुंबई की जनता के प्रति हृदय से आभार।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने एक्स पोस्ट किया, "महाराष्ट्र बीएमसी चुनाव में महायुति की प्रचंड विजय सुशासन, संगठनात्मक सशक्तता और मुंबईकरों के अटूट विश्वास का प्रमाण है। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा सीएम देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में भाजपा महाराष्ट्र व महायुति के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम कर यह सफलता सुनिश्चित की। सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को साधुवाद। इस जनादेश से ‘विकसित महाराष्ट्र’ अभियान को और अधिक गति मिलेगी, मुंबई की जनता के प्रति हृदय से आभार।"
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक्स पोस्ट में लिखा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत जनविश्वास और विकास की राजनीति की स्पष्ट पुष्टि है। यह विजय पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सशक्त रणनीति, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन और नेतृत्व का परिणाम है। यह जीत हमारे समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प को भी सम्मान देती है। इस प्रचंड जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का हृदय से आभार, जिन्होंने विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि महाराष्ट्र ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह विकासोन्मुख, पारदर्शी और जनकल्याणकारी शासन के साथ खड़ा है। जनता के इस विश्वास के साथ, हम सब मिलकर विकास की इस यात्रा को और गति देंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी