×

महाराष्ट्र के नासिक में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके

 

नासिक, 14 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार तड़के 5.42 बजे सुरगाणा तालुका में भूकंप के झटके महसूस हुए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर स्केल पर 3.4 तीव्रता के भूकंप की दर्ज की गई है। इसका केंद्र जमीन के अंदर लगभग 3 किलोमीटर की गहराई पर था।

भूकंप के झटकों से कुछ स्थानों पर लोगों में हल्की दहशत का माहौल देखा गया और लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

इसके पहले शनिवार, 8 अगस्त की रात में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप की तीव्रता 4.3 दर्ज की गई थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, भूकंप 8 अगस्त की रात 10 बजकर 59 सेकंड पर आया था। भूकंप का केंद्र 20.424 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.682 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन के अंदर 5 किलोमीटर दर्ज की गई थी। भूकंप का केंद्र नासिक जिले में होने के कारण आसपास के कुछ इलाकों में भी इसके झटके महसूस किए गए।

इससे पहले नासिक में 6 अगस्त को तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 6 अगस्त को 2 बजकर 56 मिनट पर 2.8 तीव्रता, 3 बजकर 38 मिनट पर 3.6 की तीव्रता और 5 बजकर 54 मिनट पर 2.5 की तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

वहीं, पालघर में 10 अगस्त की रात एक घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए थे। दोनों भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 दर्ज की गई। भूकंप की गहराई जमीन से महज 5 किलोमीटर नीचे थी। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, पहला भूकंप 10 अगस्त की रात 10:04:11 बजे आया। इसका केंद्र 19.883 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.164 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया था।

करीब एक घंटे बाद रात 11:00:52 बजे दूसरा झटका महसूस हुआ। इसका केंद्र 19.912 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.167 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। दूसरे भूकंप की गहराई भी 5 किलोमीटर थी।

--आईएएनएस

ओपी/एएस