☰
×

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में डेढ़ घंटे के अंदर दो बार हिली धरती, 3.2 और 2.8 तीव्रता के लगे झटके

 

चंद्रपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सोमवार शाम डेढ़ घंटे के अंदर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई और वे घरों से निकल आए, हालांकि दोनों ही झटकों में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोमवार को 'एक्स' पर पोस्ट करके बताया, "महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सोमवार शाम 5 बजकर 30 मिनट 39 सेकंड पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। इसका केंद्र नागपुर से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में, अक्षांश 19.834 और देशांतर 79.443 पर था, जबकि इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे थी।"

इससे पहले शाम को पहला झटका ज्यादा तेज था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, "महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सोमवार को शाम 4 बजकर 14 मिनट 18 सेकंड पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई। इसका केंद्र नागपुर से करीब 142 किलोमीटर दक्षिण में, अक्षांश 19.874 और देशांतर 79.235 पर था, जबकि इसकी गहराई जमीन से 5 किलोमीटर नीचे थी।"

पहले झटके की तीव्रता 3.2 और गहराई सिर्फ 5 किलोमीटर थी, इसलिए झटका आसपास के इलाकों में साफ महसूस किया गया। वहीं दूसरा झटका 2.8 तीव्रता का था और उसकी गहराई 10 किलोमीटर थी, इसलिए उसका असर अपेक्षाकृत कम रहा।

प्रशासन ने बताया कि दोनों झटकों के बाद जिले में किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं।

भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, 3.2 तीव्रता का भूकंप हल्की श्रेणी में आता है। इससे आमतौर पर किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं रहती। चंद्रपुर और आसपास का क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से ज्यादा संवेदनशील नहीं माना जाता, लेकिन कभी-कभी इस तरह के हल्के झटके आते रहते हैं। एक के बाद एक दो झटके आने को आफ्टरशॉक माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी