महाराष्ट्र के भंडारा में खड़े ट्रक से टकराई बोलेरो, 3 बच्चों समेत 9 यात्रियों की मौत
भंडारा, 11 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई। मरने वालों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल के लिए भेजा।
यह हादसा भंडारा जिले के पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां बोलेरो गाड़ी खड़े ट्रक से जा टकराई। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि बोलेरो गाड़ी में 16 से 17 लोग सवार थे। सभी लोग छत्तीसगढ़ से तीज त्योहार के लिए नागपुर जा रहे थे।
टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। हालांकि, 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जिनके शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, इलाज के लिए नागपुर ले जाई जा रही एक महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।
मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। मरने वाले बच्चों की उम्र 5 साल से कम थी। वहीं, गाड़ी चालक समेत अन्य कई लोग घायल हैं। ड्राइवर और 3 बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज व अन्य घायलों को नागपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे ने बताया कि मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हादसा। वहां रात के समय एक खड़ा ट्रक था। करीब 3 बजे, खड़े ट्रक को एक बोलेरो कार ने टक्कर मार दी। घायल लोगों का पहले हमारे साकोली स्थित अस्पताल में इलाज हुआ, वहां से उन्हें भंडारा रेफर किया गया। भंडारा से कुछ लोगों को नागपुर जीएमसी के लिए रेफर किया गया।
एक व्यक्ति ने बताया कि सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर आ रहे थे। ये तीज के त्योहार में जा रहे थे। उनमें से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में मेरी भांजी सरिता वर्मा भी है।
--आईएएनएस
डीसीएच/