महाराष्ट्र: कल्याण के बारावे डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
कल्याण, 1 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के कल्याण पश्चिम के बारावे डंपिंग ग्राउंड में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग लगने के इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसमान में धुएं के घने गुबार छा गए, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही कचरे के ढेर से उठता काला धुआं दूर-दूर तक फैल गया। हालात ऐसे बन गए कि लोगों को घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद करने पड़े। कई लोगों को घुटन और आंखों में जलन की समस्या का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के अग्निशमन दल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। लगातार पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है, हालांकि भीषण गर्मी और डंपिंग ग्राउंड में पड़े सूखे कचरे के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी और डंपिंग ग्राउंड में पड़े सूखे कचरे की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरी तरह आग बुझाने में अभी और समय लग सकता है।
गौरतलब है कि इस डंपिंग ग्राउंड में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले आधारवाड़ी के उंबर्डे डंपिंग ग्राउंड में भी कुछ दिन पहले इसी तरह की भीषण आग लगी थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। साथ ही, प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल दमकल विभाग की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। आग लगने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
--आईएएनएस
पीएसके