महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, अमित शाह बोले- 'वे नारी शक्ति की अमर प्रतीक'
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। गोंडवाना साम्राज्य की महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने उन्हें नमन किया है। अमित शाह ने महारानी दुर्गावती को न्यायप्रिय शासिका और नारी शक्ति की प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वराज्य व स्वसंस्कृति की रक्षा के लिए मुगल आक्रांताओं के विरुद्ध वीरतापूर्वक संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "न्यायप्रिय शासिका और नारी शक्ति की प्रतीक, गोंडवाना साम्राज्य की महारानी दुर्गावती ने स्वराज्य और स्वसंस्कृति की रक्षा के लिए मुगल आक्रांताओं के विरुद्ध वीरतापूर्वक संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। शासन को जनकेंद्रित बनाकर समाज हित में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं और तालाबों का निर्माण कराने वालीं रानी दुर्गावती जी सुशासन और सेवा की अमर प्रेरणा हैं। रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उन्हें सादर नमन।"
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रानी दुर्गावती को नमन करते हुए कहा, "मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाली रानी दुर्गावती का जीवन त्याग, शौर्य और स्वाभिमान की अमर प्रेरणा है। उनकी वीरगाथा भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगी।"
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, "चंदेलों की बेटी थी, गौंडवाने की रानी थी, चंडी थी, रणचंडी थी, वह दुर्गावती भवानी थी।"
शिवराज सिंह ने आगे लिखा, "मातृभूमि के गौरव और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाली महान वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस माटी का कण-कण महान वीरांगना की वीरता, साहस और शौर्य गाथा से धन्य व गौरवान्वित है। आप युगों-युगों तक देश की युवा पीढ़ियों को राष्ट्र की सेवा और सम्मान के लिए मर-मिटने की प्रेरणा देती रहेंगी।"
रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "मुगल आक्रांताओं के विरुद्ध उनके अद्वितीय पराक्रम, आत्मसम्मान और राष्ट्ररक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "गोंडवाना साम्राज्य की पराक्रमी महारानी, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा हेतु अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने शौर्य, स्वाभिमान और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया तथा विदेशी आक्रांताओं के समक्ष झुकने के बजाय वीरगति को वरण कर इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनका बलिदान राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है। उनका जीवन एवं संघर्ष हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/