☰
×

महापर्व छठ के समापन पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'उत्सव में दिखा दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम'

 

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व के अंतिम दिन देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने चार दिवसीय अनुष्ठान के समापन के अवसर पर कहा कि प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। उन्होंने छठी मइया से देशवासियों के लिए शुभाशीष की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।"

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी देशवासियों को सूर्य आराधना के महापर्व छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ का चार दिवसीय पावन अनुष्ठान आज श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। सामाजिक सद्भाव, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक यह पावन महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे। भगवान सूर्यदेव और छठी मइया से प्रार्थना है कि सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और हर घर खुशियों से आलोकित हो।"

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने पोस्ट किया, "छठ महापर्व के पावन अवसर पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और व्रत के पारण के शुभ प्रसंग पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"

उन्होंने आगे लिखा, "छठ हमारी लोकआस्था, सांस्कृतिक निरंतरता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना से जुड़ी यह परंपरा भारतीय जीवन-दर्शन की उस शाश्वत भावना को अभिव्यक्त करती है, जिसमें संयम, साधना, पवित्रता और लोकमंगल का भाव सर्वोपरि है। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करना नवीन आशा, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में नवचेतना के संचार का प्रतीक है। यह महापर्व परिवारों को आत्मीयता के सूत्र में बांधने के साथ समाज में सहयोग, समरसता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करता है।"

ओम बिरला ने कामना की कि छठी मैया की कृपा और भगवान सूर्य के आशीर्वाद से प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का वास हो। उन्होंने पोस्ट में कहा, "हमारी लोकपरंपराओं की यह उज्ज्वल विरासत राष्ट्र में एकता, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को और प्रगाढ़ करे व भारत निरंतर उन्नति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे। सभी छठव्रतियों की श्रद्धा, तपस्या और अटूट निष्ठा को सादर नमन।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, "छठ महापर्व का आज प्रातः उषा अर्घ्य के साथ समापन हुआ। चार दिनों तक आस्था, श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण इस पावन पर्व पर छठी मैया और सूर्य देव से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि बनी रहे। हर घर-आंगन खुशियों से रोशन रहे और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों।"

--आईएएनएस

डीसीएच/